साहिबगंज: पिता ने कुल्हाड़ी से काटकर बेटे को उतारा था मौत के घाट, फरार आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पेड़ से बांधा

साहिबगंज (SAHIBGANJ): झारखंड के साहिबगंज जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. रांगा थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव में 21 वर्षीय युवक की कथित तौर पर उसके ही पिता ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया था, लेकिन सोमवार को ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया. गुस्साए लोगों ने पहले उसकी पिटाई की, फिर पेड़ से बांध दिया और इसकी सूचना पुलिस को दी.

सूचना मिलते ही रांगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कर हिरासत में लिया. इसके बाद उसे पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना रविवार देर रात की है. बताया जा रहा है कि आरोपी मुजाहिरुल हक शराब के नशे में घर पहुंचा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर घर में विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा. आरोप है कि गुस्से में उसने अपने 21 वर्षीय बेटे सफीकुल इस्लाम पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. हमला इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी पिता गांव छोड़कर फरार हो गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश फैल गया.

सोमवार को ग्रामीणों को आरोपी के गांव के आसपास होने की जानकारी मिली. इसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आक्रोशित ग्रामीणों ने पहले आरोपी की पिटाई की और फिर उसे पेड़ से बांध दिया ताकि वह दोबारा भाग न सके. बाद में रांगा थाना पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को सुरक्षित हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया. अधिकारियों ने लोगों से कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील भी की.

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद और शराब के नशे से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी तथ्यों की पुष्टि करने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचेगी. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. गांव में शोक का माहौल है और लोग इस दर्दनाक घटना को लेकर स्तब्ध हैं. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट : गोविंद ठाकुर