साहिबगंज (SAHIBGANJ): साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र में एक दिव्यांग युवक का शव सिंचाई कूप से मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. कई दिनों से लापता युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने ग्रामीणों को स्तब्ध कर दिया है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है. जानकारी के अनुसार, लालमाटी पंचायत स्थित एक आम बागान में बने सिंचाई कूप में ग्रामीणों ने एक शव को पानी में तैरते देखा. इसके बाद तत्काल इसकी सूचना राजमहल थाना पुलिस को दी गई. खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए.
सूचना मिलने पर स्थानीय मुखिया बबीता देवी, जिला परिषद प्रतिनिधि राजेश मंडल और राजमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कूप से बाहर निकाला गया. पहचान होने पर पता चला कि मृतक महासिंहपुर पंचायत के बुढ़हन टोला निवासी होप्पोमोय मुर्मू का दिव्यांग पुत्र मंगल मरांडी है, जो पिछले कई दिनों से लापता था. मृतक की पहचान होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. युवक की मां ने बताया कि मंगल मरांडी बीते बुधवार सुबह करीब आठ बजे घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा. परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था, लेकिन अब उसकी लाश मिलने से घर में मातम छा गया है.
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा. वहीं ग्रामीणों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोग युवक की मौत को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं.
रिपोर्ट : गोविंद ठाकुर

