साहिबगंज:गंगा का जलस्तर बढ़ा तो अलर्ट हुआ प्रशासन, प्रभावित इलाकों में SDO ने बांटी राहत सामग्री
साहिबगंज में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से प्रशासन अलर्ट हो गया है. SDO ने रामपुर टोपरा और बलुवा टोली दियारा क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया और बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच चूड़ा, गुड़, बिस्किट व पेयजल समेत राहत सामग्री बांटी.
साहिबगंज(SAHIBGANJ):साहिबगंज जिले में गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और राहत कार्य तेज कर दिया है. गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आई न्द ने रामपुर टोपरा और बलुवा टोली दियारा क्षेत्र का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया. एसडीओ ने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों से जलस्तर, आवागमन और मौजूदा परिस्थितियों की जानकारी ली. इस दौरान बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच प्रशासन की ओर से आवश्यक खाद्य एवं पेय सामग्री का वितरण किया गया. ग्रामीणों को चूड़ा, गुड़, बिस्किट और पेयजल उपलब्ध कराया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में उन्हें तत्काल राहत मिल सके.
प्रभावित क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने तथा प्रभावित क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलस्तर, आवागमन और आम लोगों की स्थिति की लगातार निगरानी की जाए. किसी भी प्रकार की आपात स्थिति सामने आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए.
जरूरत के अनुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचलाधिकारी साहिबगंज बासुकीनाथ टुडू समेत संबंधित कर्मी मौजूद रहे.प्रशासन की ओर से गंगा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है. साथ ही जरूरत के अनुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है. किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं.
रिपोर्ट-गोविंद ठाकुर