साहिबगंज के प्राणपुर में 15 दिनों से बिजली गुल, ट्रांसफॉर्मर बदलवाने विद्युत कार्यालय पहुंचे ग्रामीण

साहिबगंज के प्राणपुर पंचायत में पिछले 15 दिनों से बिजली संकट है. दो ट्रांसफॉर्मर जलने के बाद ग्रामीण परेशान हैं और जल्द ट्रांसफॉर्मर बदलने की मांग को लेकर विद्युत कार्यालय पहुंचे.

साहिबगंज के प्राणपुर में 15 दिनों से बिजली गुल, ट्रांसफॉर्मर बदलवाने विद्युत कार्यालय पहुंचे ग्रामीण

साहिबगंज(SAHIBGANJ):गर्मी के दिन और बिजली कटौती, ऐसी परेशानियां हैं जिन्हें किसी के लिए भी झेलना मुश्किल हो जाता है. एक दिन में अगर दो घंटे भी लाइट कट जाए तो लोगों की हालत खराब हो जाती है. लेकिन जरा सोचिए उन लोगों के बारे में, जिनके घर में पिछले 15 दिनों से अंधेरा छाया हुआ है और ट्रांसफॉर्मर खराब होने की वजह से लाइट ही नहीं आई है. साहिबगंज जिले के राजमहल प्रखंड क्षेत्र की प्राणपुर पंचायत में पिछले करीब 15 दिनों से दो ट्रांसफॉर्मर जलने के कारण ग्रामीण बिजली संकट झेल रहे हैं.

 ट्रांसफॉर्मर नहीं बदला तो विद्युत कार्यालय पहुंचे ग्रामीण

ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों को फोन और आवेदन के माध्यम से कई बार जानकारी देने के बावजूद अब तक ट्रांसफॉर्मर नहीं बदला गया. बिजली नहीं रहने से खासकर रात के समय बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. इसके अलावा गर्मी के मौसम में बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. लंबे समय से बिजली की समस्या बनी रहने के कारण ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी जा रही है.समस्या से परेशान दो दर्जन से अधिक ग्रामीण राजमहल विद्युत कार्यालय पहुंचे और जल्द ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की. ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को अपनी समस्या से अवगत कराया और जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार 15 दिनों से बिजली नहीं रहने के कारण रोजमर्रा के कामकाज पर भी असर पड़ रहा है. खासकर बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और रात के समय घरों में अंधेरा छाया रहता है.

पढ़े सहायक विद्युत अभियंता पुरन कुमार ने क्या कहा

वहीं, सहायक विद्युत अभियंता पुरन कुमार ने बताया कि जिले में ट्रांसफॉर्मर की कमी के कारण थोड़ी देरी हुई है. उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि आज या कल तक नया ट्रांसफॉर्मर लगा दिया जाएगा. विभाग की ओर से जल्द ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की बात कही गई है.अब ग्रामीणों को विभाग के आश्वासन के बाद जल्द बिजली बहाल होने का इंतजार है. ग्रामीणों को उम्मीद है कि नया ट्रांसफॉर्मर लगने के बाद प्राणपुर पंचायत में पिछले करीब 15 दिनों से चली आ रही बिजली की समस्या दूर हो जाएगी और लोगों को गर्मी के इस मौसम में राहत मिलेगी.

रिपोर्ट-गोविंद ठाकुर