साहिबगंज में फरार आरोपी पर पुलिस का शिकंजा, घर और चौक-चौराहों पर चिपकाया इश्तेहार
साहिबगंज में फरार आरोपी हरि कुमार महतो के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने इश्तेहार चस्पा कर गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज की.
साहिबगंज में फरार आरोपी हरि कुमार महतो के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने इश्तेहार चस्पा कर गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज की.
साहिबगंज (SAHIBGANJ): साहिबगंज जिले में लंबे समय से फरार चल रहे एक प्राथमिकी अभियुक्त के खिलाफ पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई की है. तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव में पुलिस टीम ने बुधवार, 3 सितंबर को आरोपी हरि कुमार महतो के घर पर इश्तेहार चस्पा किया. इसके अलावा गांव के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर भी इश्तेहार लगाया गया, ताकि आरोपी के बारे में लोगों को जानकारी मिल सके.
पुलिस के अनुसार, हरि कुमार महतो, पिता दशरथ महतो, बाबूपुर गांव का निवासी है. उसका नाम बरहरवा थाना कांड संख्या 102/24 में दर्ज प्राथमिकी के आरोपी के तौर पर सामने आया है. मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है और लगातार फरार चल रहा है.
न्यायालय से जारी आदेश के बाद तीनपहाड़ थाना पुलिस की टीम आरोपी के घर पहुंची और नियमानुसार इश्तेहार की कार्रवाई पूरी की. इस दौरान आरोपी के परिजन और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे. पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर भी इश्तेहार चस्पा कर आरोपी की तलाश में सहयोग की अपील की.
तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत ने बताया कि आरोपी काफी समय से फरार है. न्यायालय के निर्देश के तहत उसके घर और आसपास के प्रमुख स्थानों पर इश्तेहार का तामिला कराया गया है. उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर नजर रख रही है.
थाना प्रभारी के मुताबिक, पुलिस टीम आरोपी के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्देश और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी.
रिपोर्ट: गोविंद ठाकुर