साहिबगंज में जमीन विवाद के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एजेंसी मालिक समेत पांच गिरफ्तार
जमीन विवाद में निजी जमीन पर कब्जा दिलाने के लिए बाउंसरों को बुलाना महंगा पड़ गया. बरहेट थाना क्षेत्र के सिमलढाब गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने अल्फा बाउंसर एजेंसी के संस्थापक सह मालिक शिवम कुमार समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.
साहिबगंज (SAHEBGANJ): जमीन विवाद में निजी जमीन पर कब्जा दिलाने के लिए बाउंसरों को बुलाना महंगा पड़ गया. बरहेट थाना क्षेत्र के सिमलढाब गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने अल्फा बाउंसर एजेंसी के संस्थापक सह मालिक शिवम कुमार समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में बाउंसर अनिल कुमार मिश्रा सहित अन्य तीन आरोपी शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, सिमलढाब गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी. इस मामले में मोहन सोरेन के आवेदन पर बरहेट थाना में कांड संख्या 139/26 दर्ज किया गया था. प्राथमिकी में जोन चुंडा हांसदा समेत पांच नामजद और दस अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया था.
कैसे हुआ खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देश पर बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई. इसी बीच 20 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि सिमलढाब गांव में दोबारा बाउंसरों को बुलाया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में छापेमारी की और मौके से अल्फा बाउंसर एजेंसी के मालिक शिवम कुमार तथा बाउंसर अनिल कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दोनों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर साहिबगंज नगर थाना क्षेत्र के कॉलेज रोड स्थित ग्रीन होटल के पास रहने वाले पीयूष कुमार तथा गोड्डा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दियारा निवासी ललन कुमार सिंह और नगर थाना क्षेत्र के ब्लॉक फील्ड निवासी सुधांशु रंजन को भी गिरफ्तार किया.
पैसे लेकर सुरक्षा उपलब्ध कराता था बाउंसर संचालक
पुलिस पूछताछ में एजेंसी संचालक शिवम कुमार ने बताया कि वह पैसे लेकर सुरक्षा उपलब्ध कराने का काम करता है. उसके अधीन करीब 18 से 20 युवक बाउंसर के रूप में काम करते हैं. पूछताछ में उसने बताया कि चतरा में पीडब्ल्यूडी के एसडीओ पद पर कार्यरत बताए गए जोन चुंडा हांसदा ने अपनी निजी जमीन पर कब्जा दिलाने के उद्देश्य से उससे संपर्क किया था. इसके बाद 17 नवंबर को वह बाउंसरों के साथ सिमलढाब पहुंचा था. पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलने पर वह अपने साथियों के साथ वहां से फरार हो गया था. पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. छापेमारी दल में बरहेट थाना प्रभारी चंदन कुमार, शंभू शंकर सिंह, विक्रम कुमार, जितेंद्र मरांडी सहित थाना के सशस्त्र बल, चौकीदार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
रिपोर्ट-गोविंद ठाकुर