साहिबगंज में तीनपहाड़ की सड़कों पर मौत बनकर दौड़ रहे ओवरलोड वाहन, दो हादसों ने खोली सड़क सुरक्षा की पोल

साहिबगंज में तीनपहाड़ की सड़कों पर मौत बनकर दौड़ रहे ओवरलोड वाहन, दो हादसों ने खोली सड़क सुरक्षा की पोल

साहिबगंज (SAHIBGUNJ) : अगर आप साहिबगंज के तीनपहाड़ इलाके की सड़कों पर सफर कर रहे हैं तो सावधान हो जाइए. ओवरलोड स्टोन चिप्स लदे वाहन लोगों की जान के लिए खतरा बनते जा रहे हैं. तीनपहाड़ में एक ही हाइवा से जुड़ी दो घटनाओं ने सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. पहले सड़क पर गिट्टी बिखरने से जाम लगा और बाद में हाइवा पलटने से चालक और खलासी घायल हो गए.

सतर्क हो जाइए

यदि आप तीनपहाड़ क्षेत्र की सड़कों पर सफर कर रहे हैं तो सतर्क हो जाइए. सड़क पर दौड़ रहे ओवरलोड स्टोन चिप्स लदे वाहनों की लापरवाही कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है. तीनपहाड़ क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग घटनाओं ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

बड़ी मात्रा में स्टोन चिप्स सड़क पर बिखरा

जानकारी के अनुसार, साहिबगंज के धमधमियां क्षेत्र से स्टोन चिप्स लादकर एक 12 चक्का हाइवा राजमहल की ओर जा रहा था. जैसे ही वाहन तीनपहाड़ मुख्य बाजार पहुंचा, तकनीकी खराबी के कारण उसकी ट्रॉली का डाला अचानक खुल गया. इससे बड़ी मात्रा में स्टोन चिप्स सड़क पर बिखर गई. घटना के बाद बाजार क्षेत्र में लंबा जाम लग गया और यातायात काफी देर तक बाधित रहा. स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

बताया जाता है कि कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद बैंक मोड़ के समीप भी वाहन का डंपर उठ गया, जिससे दोबारा सड़क पर चिप्स गिरने लगी. चालक और खलासी ने किसी तरह वाहन को संभाला और आगे बढ़ गए. हालांकि खतरा यहीं खत्म नहीं हुआ.

संतुलन बिगड़ने से पूरा हाइवा पलटा

कुछ देर बाद तीनपहाड़-राजमहल मुख्य सड़क पर झपाई पुल के पास स्थित पेट्रोल पंप के सामने चालक ने वाहन रोक दिया. यहां खलासी ट्रॉली में लदे चिप्स को समतल कर रहा था. इसी दौरान अचानक डंपर ऊपर उठ गया और संतुलन बिगड़ने से पूरा हाइवा पलट गया. हादसे में खलासी गिट्टी के नीचे दब गया. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला. दुर्घटना में चालक और खलासी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.

ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायल चालक और खलासी बाद में मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही तीनपहाड़ थाना के एसआई नारद गहलौत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. स्थानीय लोगों ने लगातार हो रही ऐसी घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े जानलेवा हादसे को रोका जा सके.

रिपोर्ट- गोविंद ठाकुर