गंगा में डूबा माता-पिता का इकलौता सहारा, NDRF के नहीं होने पर उठे सवाल

गंगा में डूबा माता-पिता का इकलौता सहारा, NDRF के नहीं होने पर उठे सवाल

साहिबगंज(SAHIBGANJ): जिले में स्थित गंगा घाट पर नहाने गये एक किशोर अचानक गहरे पानी में समा गया और देखते ही देखते लापता हो गया. बताया जा रहा है कि लापता किशोर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. किशोर किसी दूसरे लोगों के साथ गंगा घाट पर स्नान कर रहा था. इसी दौरान वह गहरे पानी की ओर चला गया और तेज बहाव में संतुलन खो बैठा. आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में वह पानी में लापता हो गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे.

किशोर की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों को लगाया गया है, जो लगातार खोज अभियान चला रहे हैं. हालांकि उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था. इस घटना के बाद एक बार फिर गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घाट पर पहले भी कई लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद यहां स्थायी रूप से NDRF की तैनाती नहीं की गई है. कई बार प्रशासनिक स्तर पर मांग उठने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.

लोगों का आरोप है कि आपातकालीन परिस्थितियों में जान बचाने वाले स्थानीय गोताखोरों को भी पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं कराए गए हैं. आज तक उन्हें आधुनिक उपकरण, सुरक्षा किट और ऑक्सीजन सिलेंडर जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिली हैं, जिसके कारण राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित होता है. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चेतावनी संकेत लगाने और स्थायी बचाव दल की तैनाती की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना को रोका जा सके.

रिपोर्ट- गोविंद ठाकुर