जमीन के झगड़े ने रिश्तों में घोला जहर, चाकू के वार से लहूलुहान हुआ भतीजा, जानिए कहां का है मामला
जमीन विवाद को लेकर परिवार में ही खूनी संघर्ष की स्तिथि बन गई. जमीन विवाद को लेकर एक युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है
जमीन विवाद को लेकर परिवार में ही खूनी संघर्ष की स्तिथि बन गई. जमीन विवाद को लेकर एक युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है
साहिबगंज (SAHIBGANJ): जमीन के एक विवाद ने रिश्तों में ऐसी तल्खी पैदा कर दी कि मामला कहासुनी से बढ़कर चाकू से हमले तक पहुंच गया. साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत हसन टोला में जमीन विवाद को लेकर एक युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई. घायल युवक की पहचान मंजूर शेख के पुत्र फाईम शेख के रूप में हुई है. परिजन उसे आनन-फानन में राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.
जमीन विवाद में कहासुनी के बाद हमले का आरोप
घटना के संबंध में घायल युवक के भाई ने बताया कि फाईम शेख और उसके चाचा के बीच जमीन विवाद को लेकर कहासुनी हो रही थी. इसी दौरान विवाद ने उग्र रूप ले लिया. आरोप है कि तैमूर के पुत्र नसीम चाकू लेकर आया और फाईम शेख पर हमला कर दिया. चाकू लगने से फाईम गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल में प्राथमिक उपचार, बेहतर इलाज के लिए रेफर
घटना के बाद घायल फाईम शेख को राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां मौजूद चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया. हालांकि, हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. घटना के बाद परिजन चिंतित हैं. युवक पर हमला किन परिस्थितियों में हुआ और विवाद के दौरान क्या-क्या घटनाक्रम हुआ, इसकी पूरी जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी.
पुलिस को दी गई सूचना, जांच में जुटी थाना पुलिस
मामले की सूचना राजमहल थाना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है. जमीन विवाद की वास्तविक वजह, घटना के दौरान मौजूद लोगों की भूमिका और चाकू से हमला किए जाने के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर जमीन संबंधी विवादों के गंभीर परिणामों को सामने ला दिया है. जिस विवाद को आपसी बातचीत और कानूनी प्रक्रिया से सुलझाया जा सकता था, उसमें युवक के घायल होने से परिवार के सामने इलाज की चिंता खड़ी हो गई है. अब पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी.
रिपोर्ट- गोविंद ठाकुर