NEET विवाद पर झामुमो का हल्ला बोल, साहिबगंज में फूंके गए पीएम, गृहमंत्री और शिक्षा मंत्री के पुतले

NEET विवाद पर झामुमो का हल्ला बोल, साहिबगंज में फूंके गए पीएम, गृहमंत्री और शिक्षा मंत्री के पुतले

साहिबगंज (SAHIBGANJ): राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) पेपर लीक, सीबीएसई मूल्यांकन में कथित गड़बड़ियों और छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने गुरुवार को साहिबगंज में जोरदार प्रदर्शन किया. पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्टेशन चौक पर एकत्र होकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया.

यह विरोध कार्यक्रम झामुमो के जिला अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि NEET-2026 परीक्षा से जुड़े विवादों ने देशभर के लाखों छात्रों का भविष्य अधर में डाल दिया है, लेकिन केंद्र सरकार अब तक इस मामले में संतोषजनक जवाब देने में विफल रही है. सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने कहा कि देशभर में छात्र निष्पक्ष जांच, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और शिक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. उनका आरोप था कि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने के बजाय उन पर बल प्रयोग किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है. उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े इतने बड़े विवाद की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए.

झामुमो नेताओं ने यह भी मांग की कि NEET-2026 पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े सभी आरोपों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए, ताकि छात्रों का विश्वास दोबारा बहाल हो सके. पार्टी का कहना है कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो छात्रों के भविष्य के साथ न्याय नहीं हो पाएगा. प्रदर्शन के दौरान स्टेशन चौक पर कुछ समय के लिए राजनीतिक माहौल गरमाया रहा. कार्यक्रम में जिला सचिव सुरेश टूडू, मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, संजीव सामु हेम्ब्रम समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे. प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन झामुमो ने स्पष्ट संकेत दिया कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.

रिपोर्ट : गोविंद ठाकुर