झारखंड SIR 2026: मांडरो में घर-घर पहुंचे DC, मतदाता सूची सत्यापन का लिया जायजा

झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर प्रशासनिक सरगर्मी तेज हो गई है. मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में साहिबगंज जिले के मांडरो प्रखंड में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने घर-घर जाकर चल रहे सत्यापन कार्य का जायजा लिया.

झारखंड SIR 2026: मांडरो में घर-घर पहुंचे DC, मतदाता सूची सत्यापन का लिया जायजा

साहिबगंज (SAHEBGANJ): झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर प्रशासनिक सरगर्मी तेज हो गई है. मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में साहिबगंज जिले के मांडरो प्रखंड में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने घर-घर जाकर चल रहे सत्यापन कार्य का जायजा लिया. इस दौरान उनके साथ अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द भी मौजूद रहे. अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्य की प्रगति देखी.

तीन मतदान केंद्रों के क्षेत्रों में पहुंचा प्रशासन

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मांडरो प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 70, 71 और 75 के अंतर्गत आने वाले इलाकों का दौरा किया. यहां उन्होंने घर-घर जाकर मतदाता सूची के सत्यापन की स्थिति देखी. इस दौरान मतदाताओं से जरूरी जानकारियां भी ली गईं. साथ ही मतदाता सूची में दर्ज नाम और अन्य विवरणों का मिलान किया गया, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर उसे समय रहते ठीक किया जा सके.

DC ने दिए निर्देश

उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का काम पूरी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ पूरा किया जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सत्यापन के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए. इसके साथ ही मतदाताओं के नाम, पते और अन्य जरूरी जानकारियों में किसी तरह की गलती नहीं होनी चाहिए.

पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करने पर जोर

उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का अहम आधार है. इसलिए घर-घर सत्यापन के दौरान पूरी सावधानी बरतना जरूरी है. प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे. SIR अभियान के तहत मतदाता सूची को अपडेट करने और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है. इसके लिए अधिकारियों को नियमित रूप से जमीनी स्तर पर काम की निगरानी करने को कहा गया है.

रिपोर्ट- गोविन्द ठाकुर