चूहा मारने के लिए सब्बल से खोद रहा था खेत, 11 हजार वोल्ट के तार से सटा लोहा और चली गई युवक जान
साहिबगंज में चूहा मारने के लिए सब्बल से खेत की खुदाई कर रहे 55 वर्षीय धानो हांसदा की 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से मौत हो गई
साहिबगंज में चूहा मारने के लिए सब्बल से खेत की खुदाई कर रहे 55 वर्षीय धानो हांसदा की 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से मौत हो गई
साहिबगंज (SAHIBGANJ): खेत में चूहा मारने के लिए लोहे की सब्बल से खुदाई करना एक व्यक्ति के लिए जानलेवा साबित हो गया. रांगा थाना क्षेत्र के बड़तल्ला गांव के पास सोमवार को 55 वर्षीय धानो हांसदा की 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई. वह धानो बड़तल्ला गांव के रहने वाले थे. बताया जा रहा है कि वह खेत में चूहा मारने के लिए जमीन की खुदाई कर रहे थे. इसी दौरान उनके हाथ में मौजूद लोहे की सब्बल ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के झूलते बिजली तार के संपर्क में आ गई. हाई वोल्टेज करंट लगने से धानो की मौके पर ही मौत हो गई.
बता दें, घटना सोमवार की बताई जा रही है. धानो हांसदा खेत में पहुंचे थे और चूहे को मारने के लिए लोहे की सब्बल से जमीन खोद रहे थे. इसी दौरान खुदाई करते समय उन्होंने सब्बल ऊपर की ओर उठाई, जो कथित रूप से काफी नीचे तक झूल रहे हाईटेंशन तार से सट गई. लोहे की सब्बल बिजली के तार के संपर्क में आते ही धानो करंट की चपेट में आ गए. घटना इतनी तेजी से हुई कि उन्हें बचाने का मौका नहीं मिल सका. हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. धानो की मौत की खबर गांव में फैलते ही मातम पसर गया. अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
इधर, घटना की जानकारी विद्युत विभाग को भी दी गई है. विद्युत विभाग के सहायक अभियंता सत्यम कुमार मरांडी ने बताया कि विभाग को हादसे की सूचना मिली है. हालांकि, अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से विभाग को कोई आवेदन नहीं दिया गया है. उन्होंने बताया कि परिजनों का आवेदन मिलने के बाद मुआवजे से संबंधित प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी और आवेदन वरीय अधिकारियों के पास भेजा जाएगा. इधर, घटना के बाद क्षेत्र में झूलते हाईटेंशन बिजली तार को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.