साहिबगंज रेलखंड पर गंगा का कटाव! 12 ट्रेनें रद्द, कई का बदला रूट,पढ़ें पूरी खबर

साहिबगंज जिले के मालदा रेलखंड पर स्थित सकरी गली-महाराजपुर रेलवे स्टेशनों के बीच गंगा नदी के तटबंध में कटाव बढ़ने के कारण रेलवे ने डाउन लाइन पर यात्री एवं मालगाड़ियों का परिचालन स्थगित करने का निर्णय लिया है

साहिबगंज रेलखंड पर गंगा का कटाव! 12 ट्रेनें रद्द, कई का बदला रूट,पढ़ें पूरी खबर

साहिबगंज (SAHEBGANJ) : जिले के मालदा रेलखंड पर स्थित सकरी गली-महाराजपुर रेलवे स्टेशनों के बीच गंगा नदी के तटबंध में कटाव बढ़ने के कारण रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर डाउन लाइन पर यात्री एवं मालगाड़ियों का परिचालन स्थगित करने का निर्णय लिया है इसके चलते 30 सितंबर 2026 से कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट और आंशिक रूप से संचालित किया गया है

12 ट्रेनें रद्द

30 सितंबर से शुरू होने वाली यात्राओं के लिए साहिबगंज, मालदा, भागलपुर, बरहरवा, बर्द्धमान और आजीमगंज के बीच चलने वाली 12 ट्रेनों को रद्द किया गया है इनमें कई मेमू, पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं रद्द ट्रेनों में साहिबगंज–मालदा टाउन मेमू, आजीमगंज–साहिबगंज मेमू, साहिबगंज–भागलपुर मेमू, बर्द्धमान–साहिबगंज मेमू, बरहरवा–साहिबगंज पैसेंजर और हावड़ा–साहिबगंज एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें शामिल हैं

कई ट्रेनों के बदले रूट

बलिया–सियालदह एक्सप्रेस और काठगोदाम–हावड़ा बाघ एक्सप्रेस को मुंगेर–भागलपुर–बांका–देवघर–जसीडीह बाईपास के रास्ते चलाया जाएगा इन ट्रेनों का ठहराव भागलपुर और देवघर में रहेगा. वहीं गया–हावड़ा एक्सप्रेस को किऊल–झाझा–आसनसोल के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा

कुछ ट्रेनों का आंशिक संचालन

आजीमगंज–भागलपुर पैसेंजर का आंशिक समापन बरहरवा में किया जाएगा. इसके अलावा रामपुरहाट–गया पैसेंजर और मालदा टाउन–किऊल इंटरसिटी एक्सप्रेस का आंशिक प्रारंभ साहिबगंज से किया जाएगा. रेलवे के मुताबिक, यह कदम गंगा नदी के तटबंध में कटाव के कारण रेल परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि करने की अपील की गई है.