साहिबगंज में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, सखुआ लदा ट्रैक्टर जब्त
जिले में अवैध लकड़ी के कारोबार पर रोक लगाने के लिए वन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है. इसी कड़ी में वन विभाग की टीम ने डिगरा पहाड़ के बांझी इलाके में छापेमारी कर सखुआ की लकड़ी से बने 40 चौखट बरामद किए हैं.
साहिबगंज(SAHIBGANJ): जिले में अवैध लकड़ी के कारोबार पर रोक लगाने के लिए वन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है. इसी कड़ी में वन विभाग की टीम ने डिगरा पहाड़ के बांझी इलाके में छापेमारी कर सखुआ की लकड़ी से बने 40 चौखट बरामद किए हैं. मौके से लकड़ी लदा एक बिना नंबर प्लेट का ट्रैक्टर भी जब्त किया गया है. इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध लकड़ी के कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हलचल है.
गुप्त सूचना पर मौके पर पहुंची टीम
वन विभाग को डिगरा पहाड़ क्षेत्र में अवैध रूप से लकड़ी ले जाने की सूचना मिली थी. सूचना को गंभीरता से लेते हुए विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. वहां जांच के दौरान एक ट्रैक्टर पर सखुआ की लकड़ी से तैयार किए गए 40 चौखट लदे मिले. ट्रैक्टर पर कोई नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी. इसके बाद वनकर्मियों ने बिना देर किए ट्रैक्टर और उस पर लदी लकड़ी को अपने कब्जे में ले लिया.
लकड़ी के स्रोत का लगाया जा रहा पता
जब्त ट्रैक्टर और लकड़ी को वन परिसर लाया गया है. अब वन विभाग की टीम इस बात की जांच कर रही है कि सखुआ की लकड़ी कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों के माध्यम से तैयार कर दूसरे स्थान पर भेजा जा रहा था. साथ ही, इस कारोबार में शामिल लोगों की पहचान करने का भी प्रयास किया जा रहा है.
तस्करी में शामिल लोगों पर होगी कार्रवाई
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस पूरी कार्रवाई में वन परिसर पदाधिकारी राणा रंजीत चौधरी, उप वन परिसर पदाधिकारी सुनील कुमार, अंकित झा समेत वन विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे.
रिपोर्ट- गोविंद ठाकुर