हूल दिवस की तैयारियों का डीसी-एसपी ने लिया जायजा, भोगनाडीह में सुरक्षा और सुविधाओं के दिए सख्त निर्देश

हूल दिवस की तैयारियों का डीसी-एसपी ने लिया जायजा, भोगनाडीह में सुरक्षा और सुविधाओं के दिए सख्त निर्देश

साहिबगंज (बरहेट) : झारखंड के गौरवशाली इतिहास और आदिवासी वीरों के बलिदान की याद में मनाए जाने वाले संथाल हूल दिवस को लेकर साहिबगंज जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. 30 जून को भोगनाडीह में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपायुक्त दीपक कुमार दूबे और पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने अमर शहीद सिदो-कान्हू मुर्मू स्मृति स्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन सहित सभी आवश्यक तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

तैयारियां समय से पहले पूरी करने का निर्देश

उपायुक्त ने कहा कि हूल दिवस पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भोगनाडीह पहुंचते हैं. ऐसे में पेयजल, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएं. उन्होंने पर्याप्त कुर्सियां, पेयजल डिस्पेंसर, पानी के टैंकर और सभी शौचालयों को पूरी तरह चालू रखने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि स्मृति स्थल और पार्क परिसर की साफ-सफाई, घास की कटाई, सौंदर्यीकरण और आवश्यक मरम्मत कार्य 29 जून तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं. मुख्य प्रवेश द्वार, रेलिंग और पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाने के भी निर्देश दिए गए.

रात्रि में सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त हैलोजन, स्ट्रीट लाइट और सोलर लाइट की जांच कर उन्हें पूरी तरह चालू रखने तथा वैकल्पिक बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. क्षतिग्रस्त बिजली के तारों को तत्काल ठीक कराने को भी कहा गया.

सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश

भीड़ प्रबंधन को लेकर उपायुक्त ने प्रवेश और निकास व्यवस्था को व्यवस्थित रखने, पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती करने तथा जरूरत के अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यक्रम शुरू होने से पहले सभी तैयारियां शत-प्रतिशत पूरी कर ली जाएं, ताकि हूल दिवस समारोह श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और गरिमा के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके. निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.

रिपोर्ट – गोविंद ठाकुर