साहिबगंज में सड़क किनारे पड़ी मिली युवक की लाश, जांच में जुटी पुलिस

साहिबगंज में सड़क किनारे पड़ी मिली युवक की लाश, जांच में जुटी पुलिस

साहिबगंज(SAHIBGANJ): जिले के राजमहल थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब सेलमपुर गांव के पास सड़क किनारे एक युवक का शव बरामद किया गया. शव के पास एक मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली, जिसके बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.

 शनिवार को स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा. उसके पास एक मोटरसाइकिल भी खड़ी थी. शुरुआत में लोगों को लगा कि युवक बेहोश है, लेकिन जब पास जाकर देखा गया तो उसकी मौत हो चुकी थी. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

मृतक की पहचान घाटजमनी पंचायत के सेलमपुर गांव निवासी बद्री प्रसाद मंडल के पुत्र शिव लाल कुमार मंडल के रूप में हुई है. युवक की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है.

सूचना मिलने पर राजमहल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है.

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई. पुलिस दुर्घटना, बीमारी या किसी अन्य कारण से हुई मौत समेत सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

सड़क किनारे युवक का शव मिलने की घटना से इलाके के लोग स्तब्ध हैं. स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट- गोविंद ठाकुर