साहिबगंज (SAHIBGANJ) : साहिबगंज जिले के तालझारी थाना क्षेत्र के हाथीगढ़ सकरीगली में एक हादसे में 12 वर्षीय बालक की करंट लगने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
करंट लगने से मासूम की गई जान
जानकारी के अनुसार, हाथीगढ़ सकरीगली स्थित एक खेत में अचानक 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार टूटकर गिर गया. उसी समय वहां कुछ बच्चे खेल रहे थे. इसी दौरान 12 वर्षीय अंकित कुमार चौधरी बिजली के तार की चपेट में आ गया. तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही मासूम की जान जा चुकी थी.
परिवार में कोहराम
मृतक की पहचान अंकित कुमार चौधरी (12 वर्ष), पिता ब्रह्मदेव चौधरी, निवासी गरेरी टोला, हाथीगढ़ सकरीगली, थाना तालझारी, जिला साहिबगंज के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. बेटे का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया. गांव के लोगों ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया.
सूचना मिलने के बाद तालझारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की गई.
तालझारी थाना प्रभारी नितेश पांडे ने बताया कि हाथीगढ़ सकरीगली क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट का बिजली तार टूटकर गिर गया था. उसी दौरान वहां खेल रहे एक बालक की करंट लगने से मौत हो गई. पुलिस मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है.
पूरे क्षेत्र में शोक की लहर
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जर्जर तारों की नियमित जांच और समय पर मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
रिपोर्ट- गोविंद ठाकुर

