झारखंड के युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर मचाई धूम, #DownloadECINet अभियान आठवें स्थान पर कर रहा ट्रेंड

झारखंड के युवाओं के प्रयास से #DownloadECINet अभियान राष्ट्रीय स्तर पर एक्स पर आठवें स्थान पर ट्रेंड हुआ.

झारखंड के युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर मचाई धूम, #DownloadECINet अभियान आठवें स्थान पर कर रहा ट्रेंड

रांची (RANCHI): झारखंड के युवाओं ने मतदाता जागरूकता अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी से राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है. सोशल मीडिया पर चलाए गए #DownloadECINet अभियान को देशभर में शानदार प्रतिक्रिया मिली और यह एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर राष्ट्रीय स्तर पर आठवें स्थान पर ट्रेंड करने लगा. इस उपलब्धि पर झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के युवाओं, शैक्षणिक संस्थानों और जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को बधाई एवं धन्यवाद दिया है.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि झारखंड के युवाओं ने उत्साह के साथ अभियान में हिस्सा लिया और बड़ी संख्या में ECINET ऐप डाउनलोड कर मतदाता जागरूकता के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाया. इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान पात्र युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ना और उन्हें निर्वाचन से संबंधित सही एवं विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराना था.

इसके लिए राज्य के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और उच्चतर शिक्षण संस्थानों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से विद्यार्थियों को ECINET ऐप डाउनलोड करने और उसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई. साथ ही, 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया.

गुरुवार दोपहर 12 बजे से शुरू हुए इस सोशल मीडिया अभियान में राज्य के सभी जिलों से व्यापक भागीदारी देखने को मिली. जिला निर्वाचन पदाधिकारियों और विभिन्न आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए हजारों पोस्ट साझा किए गए. वहीं, स्कूलों और कॉलेजों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई. एक्स पर हैशटैग आठवें स्थान पर ट्रेंड करने के अलावा इंस्टाग्राम और फेसबुक पर भी हजारों पोस्ट साझा किए गए, जिन्हें लाखों व्यूज मिले.

के. रवि कुमार ने युवाओं से अपील की कि वे केवल इस अभियान तक सीमित न रहें, बल्कि इलेक्शन एम्बेसडर के रूप में अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें. उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा अपने क्षेत्र के ऐसे पात्र भारतीय नागरिकों को फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करे, जिन्होंने 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है. इसके साथ ही ECINET ऐप के माध्यम से निर्वाचन संबंधी प्रमाणिक जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की जरूरत है.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सामूहिक प्रयास का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति या विदेशी नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो. उन्होंने इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया.