झारखंड के युवा खिलाड़ियों ने किया कमाल, युवा हॉकी फाइव्स एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में 6 खिलाड़ियों का चयन

झारखंड के युवा खिलाड़ियों ने किया कमाल, युवा हॉकी फाइव्स एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में 6 खिलाड़ियों का चयन

रांची (RANCHI): झारखंड के युवा खिलाड़ियों ने कमाल कर दिया है. हॉकी इंडिया ने 20 से 25 जुलाई तक ओमान के मस्कट में आयोजित होने वाली पहली एफआईएच अंडर-18 युवा हॉकी फाइव्स एशियाई चैंपियनशिप के लिए भारतीय सब जूनियर पुरुष और महिला टीम की घोषणा कर दी है जिसके तहत झारखंड से 6 युवा को चयन किया गया है.

इस चर्चित टूर्नामेंट के लिए झारखंड के छह खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिससे राज्य के खेल जगत में खुशी की लहर है. महिला टीम में पुष्पा मांझी, नीलम टोपनो, खिली कुमारी, श्रुति कुमारी और संदीपा कुमारी को जगह मिली है, जबकि पुरुष टीम में आशीष तानी पूर्ति का चयन किया गया है. यह चैंपियनशिप पहली एफआईएच अंडर-18 युवा हॉकी फाइव्स विश्व कप के लिए आधिकारिक एशियाई क्वालीफायर भी है, इसलिए इसका महत्व और बढ़ गया है.

बता दें, टूर्नामेंट में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में सात-सात टीमें हिस्सा लेंगी. पुरुष वर्ग में मेजबान ओमान के अलावा भारत, पाकिस्तान, ईरान, इराक, सऊदी अरब और बांग्लादेश की टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी. वहीं महिला वर्ग में भारत, पाकिस्तान, ओमान, चीन, उज्बेकिस्तान, कजाखस्तान और ईरान की टीमें आमने-सामने होंगी. भारतीय महिला टीम का चयन भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के बाद किया गया, जबकि पुरुष टीम का चयन चंडीगढ़ में आयोजित कैंप के आधार पर हुआ. दोनों टीमों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है.

इसके साथ ही भारतीय सब जूनियर महिला टीम में गोलकीपर के रूप में खिली कुमारी और महक परिहार शामिल हैं. डिफेंडर में नीलम टोपनो और किरण एक्का, मिडफील्ड में दीया, पुष्पा मांझी और श्रुति कुमारी, जबकि फॉरवर्ड में नौशीन नाज, संदीपा कुमारी और कप्तान स्वीटी कुजूर को जगह मिली है. वहीं पुरुष टीम में गोलकीपर सावन कुमार और आयुष रजक, डिफेंडर करण गौतम और आशीष तानी पूर्ति, मिडफील्डर राहुल यादव और रोमित पाल तथा फॉरवर्ड के रूप में कप्तान केतन कुशवाहा, प्रह्लाद राजभर, अर्शदीप सिंह और शाहरुख अली का चयन किया गया है. झारखंड के खिलाड़ियों से इस टूर्नामेंट में देश को पदक दिलाने की उम्मीदें जुड़ी हैं.