Weather Alert:झारखंड में अगले 3 दिनों तक बदला रहेगा मौसम, उमस बढ़ाएगी परेशानी,पढ़िये आज का हाल
झारखंड में 2 से 5 अगस्त तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा. कई जिलों में हल्की बारिश, 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा और वज्रपात की आशंका है. वहीं तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने से उमस और गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है.
टीएनपी डेस्क (TNP DESK):लगातार छह-सात दिनों की बारिश के बाद 31 जुलाई से झारखंड के मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला हुआ दिखाई दे रहा है. 31 जुलाई को तेज धूप निकलने से लोगों गर्मी का एहसास हुआ.वहीं 1 अगस्त को भी झारखंड के मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही देखने को मिला. हालांकि, कुछ जिलों में बादल छाए रहे और हल्की हवा चलती रही, लेकिन अधिकतर जिलो में कड़ी धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को खूब परेशान किया. वहीं मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी रविवार के मौसम का हाल भी कुछ ऐसा ही देखने को मिलेगा. जहां आज भी उमस भरी गर्मी से कुछ जिलों के लोगों को परेशानी हो सकती है. हालांकि, कुछ घंटों के लिए हल्की-फुल्की बारिश की संभावना जताई गई है. अधिकतर जिलों में कहीं बादल छाए रहेंगे तो कहीं धूप निकलेगी, वहीं कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है.
झारखंड में अगले 3 दिन बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग की ओर से पूर्वानुमान जताया गया है कि आज यानी 2 अगस्त से 5 अगस्त तक झारखंड के मौसम का मिजाज बदला हुआ ही रहेगा.जिसमें खासकर दक्षिणी और मध्य झारखंड के जिलों में बारिश का प्रभाव थोड़ा बहुत रहेगा. इस दौरान झारखंड के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को गर्मी से परेशानी बढ़ सकती है. आपको बता दें कि पिछले 24 घंटे में सरायकेला में सबसे अधिक 35.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. जबकि चाईबासा में 34.4 डिग्री और जमशेदपुर में 34.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
बना रहेगा वज्रपात का खतरा
हालांकि, आज भी झारखंड के कुछ जिले ऐसे हैं जहां दिनभर तेज हवा चल सकती है. यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. भले ही बारिश ज्यादा तेज न हो, लेकिन वज्रपात की संभावना बनी हुई है. इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और खास तौर पर मौसम विभाग की ओर से खराब मौसम के दौरान खेत, खुले मैदान और पेड़ के नीचे नहीं जाने की सलाह दी गई है.
पढ़िये अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.