Weather Alert: झारखंड में अगले 3 दिन बिगड़ा रहेगा मौसम, आज इन 13 जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात का अलर्ट

Weather Alert: झारखंड में अगले 3 दिन बिगड़ा रहेगा मौसम, आज इन 13 जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात का अलर्ट

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर पूरी तरह से झारखंड के मौसम पर देखने को मिलेगा. आज झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के 13 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं इस दौरान तेज हवा, आंधी-तूफान का असर भी देखने को मिलेगा. इसके साथ ही वज्रपात को लेकर भी मौसम विभाग की ओर से लोगों को अलर्ट किया गया है और सावधान रहने की हिदायत दी गई है.

 आज इन 13 जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात का अलर्ट

आज झारखंड के जिन 13 जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है, उन जिलों में रांची समेत खूंटी, रामगढ़, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, हजारीबाग, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम शामिल हैं. इन जिलों में आज खास तौर पर लोगों को मौसम से सावधान रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि यहां भारी बारिश की संभावना है. वहीं इसके साथ ही आंधी-तूफान यानी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चलेगी. ऐसे में खास तौर पर लोगों को पेड़-पौधों के नीचे नहीं रुकने की सलाह दी गई है, क्योंकि तेज आंधी में पेड़ गिरने की आशंका रहती है. इसलिए सभी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

झारखंड में अगले 3 दिन बिगड़ा रहेगा मौसम

29 और 30 जुलाई की बात करें तो आने वाले अगले दो-तीन दिनों तक झारखंड के अधिकतर जिलों में दिनभर बादल छाए रहेंगे. कहीं मध्यम तो कहीं तेज बारिश होती रहेगी. वहीं तेज आंधी-तूफान और वज्रपात का असर भी देखने को मिलेगा. 31 जुलाई तक झारखंड का मौसम इसी तरह बना रहने की संभावना है, यानी राज्य में बारिश का व्यापक असर देखने को मिलेगा. इसलिए खास तौर पर लोगों को खुले स्थान, मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे खड़े होने से मना किया गया है, क्योंकि इन जगहों पर वज्रपात का खतरा अधिक रहता है.

पढ़े अपने जिले का तापमान 

रांची का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.