Weather Alert:झारखंड में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट, 3 जिलों में सबसे ज्यादा खतरा,वज्रपात से रहें सावधान
झारखंड में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी है. चतरा, हजारीबाग और रामगढ़ में सबसे ज्यादा खतरा है. कई जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है.
टीएनपी डेस्क(TNP DESK):झारखंड में इन दिनों लगातार बारिश हो रही है जहां अलग-अलग जिलों में कहीं हल्की कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश देखने को मिल रही है वही आज यानी मंगलवार के मौसम की बात की जाए तो आज मंगलवार को झारखंड में भारी बारिश की संभावना है जिसको देखते हुए कुछ जिलों में रेड तो कुछ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अब झारखंड की ओर बढ़ रहा है, जिसका असर राज्य के ज्यादातर हिस्सों में देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के मुताबिक आज कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में बारिश 7 से 20 सेंटीमीटर तक पहुंच सकती है, जबकि एक-दो जगहों पर 20 सेंटीमीटर से भी ज्यादा बारिश होने की संभावना है.
3 जिलों में सबसे ज्यादा खतरा
आज झारखंड के जिन जिलों को सावधान रहना है उन जिलों में चतरा, हजारीबाग और रामगढ़ है.जहां के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ हालात बिगड़ने की आशंका है. वहीं, गढ़वा, पलामू और लातेहार में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा रांची समेत 8 जिलों में येलो अलर्ट है.आज बारिश के साथ तेज हवा भी परेशानी बढ़ा सकती है. कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक के साथ वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ के नीचे जाने से बचने की सलाह दी जाती है.आज चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, गढ़वा, पलामू, लातेहार और आसपास के इलाकों में बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है. वहीं रांची समेत राज्य के कई दूसरे जिलों में भी बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है.
आज से अगले 5 दिनों तक होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 18 अगस्त को बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है. इसके बाद 19 अगस्त को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश होगी और कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी. हालांकि 20 और 21 अगस्त को बारिश की रफ्तार थोड़ी कम हो सकती है और कुछ इलाकों तक ही सीमित रह सकती है. इसके बावजूद गरज-चमक, तेज हवा और वज्रपात का खतरा बना रहेगा.वहीं 22 अगस्त को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश और वज्रपात की संभावना है.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 27 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.