टीएनपी डेस्क(TNP DESK):झारखंड में मानसून का असर पूरी तरह से देखने को मिल रहा है. राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में रोजाना बारिश हो रही है. वहीं, आज यानी सोमवार के मौसम की बात करें तो आज भी झारखंड के 22 जिलों में गरज के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है. हालांकि, आज भारी बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. यानी अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होती रहेगी, जिससे मौसम सुहाना बना रहेगा. दूसरी ओर तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. हालांकि, वज्रपात से लोगों को सावधान रहने की हिदायत दी गई है.
इन 22 जिलों में आज दिन भर होती रहेगी बारिश
आज झारखंड के जिन 22 जिलों में दिनभर हल्की से मध्यम दर्जे की छिटपुट बारिश होने की संभावना है, उनमें रांची, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग, रामगढ़, देवघर, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज और जामताड़ा समेत आसपास के इलाके शामिल हैं. इन क्षेत्रों में दिनभर बारिश होने से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. हालांकि, इन जिलों में आंधी-तूफान और वज्रपात का भी असर देखने को मिल सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
आंधी तूफ़ान को लेकर इन जिलों में अलर्ट
भले ही आज झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी नहीं दी गई है, लेकिन दिनभर होने वाली रुक-रुक कर बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात का खतरा बना रहेगा. खासकर रांची, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम में वज्रपात का असर देखने को मिल सकता है. वहीं, आंधी-तूफान का भी प्रभाव रहने की संभावना है. इसलिए लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी गई है. आंधी-तूफान और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, खेत या पेड़ के नीचे शरण न लें. संभव हो तो घर के अंदर सुरक्षित स्थान पर रहें.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 30 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.

