Weather Alert:3 सितंबर तक झारखंड में जारी रहेगा बारिश और वज्रपात का दौर,पढ़िये रक्षाबंधन पर मौसम का हाल

झारखंड में 3 सितंबर तक बारिश और वज्रपात का दौर जारी रहने की संभावना है. रक्षाबंधन पर कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.

Weather Alert:3 सितंबर तक झारखंड में जारी रहेगा बारिश और वज्रपात का दौर,पढ़िये रक्षाबंधन पर मौसम का हाल

टीएनपी डेस्क(TNP DESK):बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर इन दिनों झारखंड पर व्यापक रूप से देखने को मिल रहा है, जहां रोजाना झारखंड के अलग-अलग जिलों में कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश देखने को मिल रही है. वहीं, आज के मौसम की बात करें तो आज रक्षाबंधन भी है. ऐसे में आज भी झारखंड के अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है और भारी बारिश के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है, जिसे लेकर लोगों को सावधान रहने की हिदायत दी गई है. आज कुछ जिले ऐसे हैं जहां हल्की से मध्यम बारिश तो कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है, जिसको लेकर मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क किया है.

पढ़िये रक्षाबंधन पर मौसम का हाल

मौसम विभाग की ओर से झारखंड के कुछ जिलों में आज भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इन जिलों में चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह शामिल हैं. हालांकि, अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है. आज खास तौर पर झारखंड के लोगों को वज्रपात से सावधान रहने की जरूरत है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले अगले चार से पांच दिनों तक झारखंड के लोगों को बारिश से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. यानी आने वाले 2 से 3 सितंबर तक बारिश का दौर थमने वाला नहीं है. बारिश के दौरान झारखंड के तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी.

साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से बदला है झारखंड का मौसम

झारखंड में लगातार हो रही बारिश के पीछे एक साथ सक्रिय हुई तीन प्रमुख मौसम प्रणालियां जिम्मेदार हैं. इन मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से राज्य में मानसूनी गतिविधियां काफी मजबूत हो गई हैं. पहली मौसम प्रणाली के तहत दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उससे सटे उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इसके अलावा मानसून ट्रफ इस समय रांची और दीघा से होकर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है. वहीं, मध्य प्रदेश से लेकर बंगाल की खाड़ी तक एक अन्य ट्रफ लाइन भी सक्रिय है. इन तीनों मौसम प्रणालियों के एक साथ सक्रिय होने से झारखंड में नमी से भरी मानसूनी हवाओं का प्रभाव बढ़ गया है, जिसके कारण राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो रही है.

पढ़े अपने जिले का तापमान  

रांची का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. धनबाद में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.