Weather Alert:झारखंड में आज भी जारी रहेगा बारिश-वज्रपात का दौर, इन 6 जिलों के लोग रहें अलर्ट
झारखंड में आज भी बारिश और वज्रपात का दौर जारी रहेगा. मौसम विभाग ने पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है. अगले 5 दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.
टीएनपी डेस्क(TNP DESK):झारखंड में इन दिनों रोजाना बारिश और वज्रपात का दौर देखने को मिल रहा है. वहीं आज यानी रविवार के मौसम की बात की जाए तो आज भी झारखंड के कुछ जिलों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात का खतरा देखने को मिलेगा, जिसको लेकर मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि कुछ जिलों में हल्की-फुल्की तो कहीं मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है, लेकिन झारखंड के छह जिले ऐसे हैं जहां आज भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधान किया गया है. पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश का अलर्ट है. इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा है.
अगले 5 दिनों तक लगातार बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 5 दिनों तक झारखंड में बारिश और वज्रपात का दौर जारी रहेगा, यानी 28 अगस्त तक झारखंड का मौसम ऐसा ही बना रहेगा. जहां आंधी-तूफान, वज्रपात और भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, लोगों को सावधान रहने की हिदायत दी गई है. वहीं आंधी-तूफान से भी सावधान रहना है. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले अगले 5-6 दिनों तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. ऐसे में आंधी-तूफान के समय पेड़ के नीचे नहीं जाना है. वहीं वज्रपात से भी सावधान रहना है और खराब मौसम में खुले मैदान, खेत या पेड़ के नीचे शरण नहीं लेना है, वरना इन जगहों पर वज्रपात का सबसे ज्यादा खतरा रहता है.
पिछले 24 घंटे में कितनी हुई बारिश
वहीं झारखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश की बात की जाए तो सबसे अधिक बारिश साहिबगंज जिले के राजमहल में 50.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो राज्य में वहीं, मौजूदा मानसून सीजन में आंकड़ों के अनुसार चाईबासा में अब तक करीब 931.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जिससे पश्चिमी सिंहभूम का यह क्षेत्र संचयी बारिश के मामले में आगे है. आपको बता दें कि मौसम के शुरू होने के 1 महीने बाद तक झारखंड के कई जिले ऐसे थे जहां पर बारिश ना के बराबर हुई थी. लोग बारिश देखने के लिए भी तरस रहे थे. वहीं कुछ जिले ऐसे थे जहां मौसम के शुरू से ही बारिश शुरू हो गई और अब तक अच्छी-खासी बारिश हो चुकी है, जिसमें चाईबासा शामिल है.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.