टीएनपी डेस्क (TNP DESK):साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से बुधवार से झारखंड के मौसम का मिजाज बदल चुका है. पिछले दो दिनों से झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के अलग-अलग जिलों में कहीं हल्की, कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश देखने को मिल रही है. वहीं इस दौरान वज्रपात का भी कहर देखने को मिल रहा है. पिछले दो दिनों में 8 से 10 लोगों की मौत हो चुकी है. तेज हवा भी चल रही है. इसको लेकर मौसम विभाग की ओर से लोगों को अलर्ट किया जा रहा है और सावधानी बरतने की हिदायत दी जा रही है.
आज और कल भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से 10 अगस्त तक झारखंड में बारिश की संभावना जताई गई है. हालांकि 7 और 8 अगस्त को राज्य में भारी बारिश की संभावना है. झारखंड के कुछ जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात भी हो सकता है. वहीं आज यानी शुक्रवार के मौसम की बात करें तो आज भी कई जिलों में बारिश की संभावना है. आज खास तौर पर खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां तथा रांची के कुछ हिस्सों में भारी बारिश व वज्रपात की चेतावनी दी गई है. कहीं-कहीं तेज हवा भी चल सकती है.
वज्रपात से रहे सावधान
वहीं वज्रपात को देखते हुए मौसम विभाग की ओर से लोगों को खराब मौसम के समय खुले मैदान, खेत या फिर पेड़ के नीचे नहीं रुकने की सलाह दी जा रही है. आपको बता दें कि रोजाना झारखंड के अलग-अलग जिलों में वज्रपात की घटनाओं में लोगों की मौत हो रही है. इसलिए मौसम विभाग लगातार लोगों को अलर्ट कर रहा है कि खराब मौसम के समय घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थान पर रहें.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 30 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.

