Weather Alert: झारखंड में प्री-मानसून की आहट, अगले दो दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंधी-तूफ़ान की आशंका

Weather Alert: झारखंड में प्री-मानसून की आहट, अगले दो दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंधी-तूफ़ान की आशंका

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):केरल में मानसून की दस्तक के बाद झारखंड में भी मौसम का मिजाज बदलने लगा है.शुक्रवार को धनबाद समेत राज्य के कई इलाकों में प्री-मानसून की हल्की बारिश और गरज-चमक देखने को मिली.बारिश के बाद आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, हालांकि दोपहर से  धूप और बादल के बीच आँख मिचौली का खेल जारी रहेगा .

वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंधी, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है. अनुकूल परिस्थितियां रहने पर 15 जून तक संताल परगना के रास्ते मानसून के झारखंड में प्रवेश करने की उम्मीद है. इसके बाद राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती है.

पिछले एक सप्ताह से गर्मी से लोग बेहाल

हालांकि पिछले एक सप्ताह से झारखंड में बारिश नहीं होने के कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग लगातार बारिश की संभावना जता रहा है, लेकिन कई इलाकों में इसका असर जमीन पर देखने को नहीं मिल रहा है. खासकर कोल्हान प्रमंडल के जमशेदपुर,सरायकेला-खरसावां और चाईबासा में तेज धूप और उमस से जनजीवन प्रभावित है.लोग गर्मी से राहत के लिए बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे है.

पढ़े अपने जिले का हाल

रांची का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. धनबाद में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री, जबकि देवघर में अधिकतम 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.