Weather Alert:झारखंड में अगले चार दिनों तक मेहरबान रहेगा मानसून, आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश का अलर्ट

Weather Alert:झारखंड में अगले चार दिनों तक मेहरबान रहेगा मानसून, आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश का अलर्ट

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):झारखंड में भले ही मानसून ने प्रवेश के कई दिनों बाद अपना असर दिखाया हो, लेकिन अब पूरे राज्य में बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है.पिछले 24 घंटों के दौरान रांची, जमशेदपुर, डाल्टनगंज और बोकारो समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई. कई जगह दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली.मौसम विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, आज से 10 जुलाई तक झारखंड के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश होने की संभावना है.इस दौरान कई इलाकों में आंधी-तूफान और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है. इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

रांची में अच्छी खासी हुई है बारिश

सोमवार को रांची में 12.6 मिमी, जमशेदपुर में 1.8 मिमी, डाल्टनगंज में 12.6 मिमी और बोकारो में 14.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.हालांकि, पूरे झारखंड में इस मानसून सीजन के दौरान अब तक सामान्य से 103 मिमी कम बारिश दर्ज की गई है.वहीं, राजधानी रांची में 1 जून से अब तक 299.1 मिमी बारिश हो चुकी है.आगे भी उम्मीद जतायी जा रही है कि राजधानी में अच्छी खासी बारिश होगी, मानसून में होगी.

अभी सूखे की मार झेल रहे है झारखंड के ये जिले

हालांकि, जहां राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हो रही है, वहीं कुछ जिले अब भी सूखे जैसी स्थिति का सामना कर रहे है.कोडरमा, गढ़वा और पलामू में अब तक सामान्य से काफी कम बारिश हुई है, जिसके कारण लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पाई है. इसके अलावा चतरा और धनबाद में भी अब तक सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है.हालांकि, मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान इन जिलों में भी अच्छी बारिश की संभावना जताई है. उम्मीद है कि झमाझम बारिश के साथ यहां के लोगों को भी गर्मी से राहत मिलेगी.

पढ़े अपने जिले तापमान 

रांची का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. धनबाद में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री, जबकि देवघर में अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.