टीएनपी डेस्क (TNP DESK):झारखंड में पिछले दो-तीन दिनों से मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है.जहां राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है.वहीं, तेज हवाओं का भी असर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है. वहीं, आज यानी रविवार के मौसम की बात करें तो पूरे झारखंड में मानसून का असर देखने को मिलेगा.मौसम विभाग ने आज राज्य के 19 जिलों में गरज के साथ तेज बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है.
झारखंड के इन 19 जिलों में दिखेगा मानसून का व्यापक असर
आज आईएमडी की ओर से राज्य के 19 जिलों के लिए बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.इन जिलो में रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, रामगढ़, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज, गोड्डा और जामताड़ा जिले शामिल है. इन जिलों के लोगों को आंधी-तूफान और वज्रपात से विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
इन जिलो में दिखेगा आंधी तूफ़ान का व्यापक असर
मौसम विभाग के अनुसार, आज झारखंड के अधिकांश जिलों में बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी, जिससे आंधी-तूफान का असर भी देखने को मिल सकता है.इसके साथ ही कुछ जिलों में वज्रपात की भी संभावना है. रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, पलामू, चतरा, गढ़वा, खूंटी, गुमला और पश्चिमी सिंहभूम के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. बारिश और वज्रपात के दौरान लोगों से घर से बाहर नहीं निकलने, पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने तथा किसानों को खेतों में नहीं जाने की सलाह दी गई है.
इन जिलों में 33 से 34 डिग्री के बीच रहेगा तापमान
हालांकि, बारिश और तेज हवा के बावजूद आज झारखंड के कुछ जिलों में तापमान अन्य जिले से अधिक रहेगा, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास भी हो सकता है. गढ़वा, पलामू, चाईबासा, धनबाद और जमशेदपुर में राज्य का सर्वाधिक तापमान दर्ज होने की संभावना है.इन जिलों में अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. धनबाद में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री, जबकि देवघर में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.

