टीएनपी डेस्क (TNP DESK):पिछले दो दिनों से झारखंड में मानसून ने थोड़ी रफ्तार पकड़ी है. हालांकि, बारिश के साथ-साथ तेज हवा और वज्रपात भी कहर बरपा रहे है.पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 8 लोगों की मौत की खबर सामने आई है. आकाशीय बिजली अब झारखंड के लोगों पर कहर बनकर टूट रही है.
9 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
वही आज यानी मंगलवार के मौसम की बात करें तो राज्य के 9 जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.वहीं, लोगों को तेज हवा और वज्रपात से सावधान रहने की हिदायत दी गई है. खासकर खेतों में काम करने वाले किसानों को बारिश के दौरान खेत में नहीं जाने की सलाह दी गई है.मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, झारखंड में 4 जुलाई तक लगातार झमाझम बारिश होगी. आपको बता दें कि झारखंड के 24 जिलों में से 22 जिलों में मानसून प्रवेश कर चुका है, लेकिन 2 जिले अब भी ऐसे हैं जहां लोग बारिश का इंतजार कर रहे है. ऐसे में अगले चार दिनों के भीतर इन जिलों में भी मानसून पहुंचने की संभावना जताई गई है.इसके बाद यहां के लोग भी झमाझम बारिश का आनंद ले सकेंगे और मौसम सुहाना हो जाएगा.साथ ही भीषण गर्मी से भी राहत मिलेगी.
वज्रपात के दौरान घर से बाहर नहीं निकलने की हिदायत
आईएमडी ने मंगलवार के लिए जिन 9 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है, उनमें सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और जामताड़ा शामिल है. यहां मंगलवार सुबह 8:30 बजे से बुधवार सुबह 8:30 बजे तक भारी बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है.अगले 24 घंटे तक लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है साथ ही बारिश और वज्रपात के दौरान घर से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी गई है.
पिछले 24 घंटे के दौरान बजट से 8 लोगों की मौत
आपको बता दें कि झारखंड के चार जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में दो नाबालिगों समेत 6 लोगों की मौत हो गई.रांची और गढ़वा जिलों में दो-दो लोगों की मौत की खबर है, जबकि गुमला और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में एक-एक व्यक्ति की जान गई है.

