Weather Alert:आज बदला रहेगा झारखंड के मौसम का मिजाज, कल से फिर जमकर होगी बारिश

Weather Alert:आज बदला रहेगा झारखंड के मौसम का मिजाज, कल से फिर जमकर होगी बारिश

एनपी डेस्क (TNP DESK):पिछले एक सप्ताह से झारखंड में पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन का व्यापक असर देखने को मिल रहा था. इसके कारण राज्य के अधिकांश जिलों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात का असर देखा गया. इस दौरान कई जिलों में तेज हवा भी चली, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी. वहीं, आज यानी शनिवार से एक बार फिर झारखंड के मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिलेगा, क्योंकि साइक्लोनिक सर्कुलेशन का रुख अब छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की ओर चला गया है. ऐसे में आज इसका असर झारखंड पर बहुत कम देखने को मिलेगा. हालांकि, आज भी झारखंड के कुछ जिलों में हल्की बारिश होगी, लेकिन अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहने की संभावना है.

कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना

आज भी मौसम विभाग की ओर से राज्य के कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, अन्य जिलों में बादल छाए रहेंगे. तापमान में भी ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है. लेकिन कल यानी 2 अगस्त को झारखंड के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है, जहां कुछ जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. हालांकि, इतनी बारिश होने के बावजूद झारखंड में अब भी औसत से कम वर्षा दर्ज की गई है. मानसून सक्रिय रहने के बावजूद राज्य में सामान्य से 26 प्रतिशत कम बारिश हुई है. इस दौरान झारखंड में औसतन 508.2 मिमी वर्षा होती है, जबकि अब तक केवल 376.2 मिमी बारिश ही दर्ज की गई है.

अगले 4 दिन तक इन जिलों में वज्रपात का बना रहेगा खतरा

मौसम विभाग की ओर से पूर्वानुमान जताया गया है कि आने वाले अगले चार दिनों तक झारखंड के कुछ जिलों में वज्रपात का असर देखने को मिलेगा. इन जिलों में रांची, बोकारो, गुमला और हजारीबाग समेत मध्य झारखंड के इलाके शामिल हैं, जहां बादल छाए रहेंगे. इस दौरान वज्रपात की भी संभावना है. इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को खास तौर पर सावधान रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग का कहना है कि लोग लगातार खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे जाने से बचें, क्योंकि इन स्थानों पर वज्रपात की संभावना अधिक रहती है.

पढ़े अपने जिले का तापमान 

रांची का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.