Weather Alert: आज भी बदला रहेगा झारखंड का मौसम, आंधी-तूफान के साथ इन जिलों में वज्रपात

Weather Alert: आज भी बदला रहेगा झारखंड का मौसम, आंधी-तूफान के साथ इन जिलों में वज्रपात

टीएनपी डेस्क(TNP DESK):झारखंड में रविवार को एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.मौसम में बदलाव का असर खास तौर पर देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा और जामताड़ा समेत आसपास के इलाकों में देखने को मिल सकता है. इन क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश और तेज हवा चलने की आशंका जताई गई है.

 आंधी-तूफान के साथ इन जिलों में वज्रपात का दिखेगा असर

वहीं इसके साथ ही कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, धनबाद और बोकारो समेत उत्तर-पश्चिम और मध्य झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. दक्षिणी जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है.मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. हालांकि बारिश और बादल छाए रहने से कई इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रह सकता है. शनिवार को भी झारखंड के कई जिलों में बारिश हुई. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रांची में 7.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई.

शनिवार को कहां कितनी हुई बारिश

वही जमशेदपुर में 52.4 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि डाल्टनगंज में 13.6 मिमी, खूंटी में 19 मिमी, चाईबासा में 9.4 मिमी, लातेहार में 9 मिमी और बोकारो में 3.6 मिमी बारिश दर्ज की गई. वहीं लोहरदगा और पाकुड़ में मौसम शुष्क रहा.नामकुम में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बहरागोड़ा में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. 

पढ़े अपने जिले का तापमान 

रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.