टीएनपी डेस्क (TNP DESK):पिछले दो-तीन दिनों से सामान्य बारिश झारखंड की राजधानी रांची समेत अन्य जिलों में देखने को मिल रही थी, लेकिन आज यानी 25 जुलाई से एक बार फिर झारखंड में मानसून अपनी तेज रफ्तार पकड़ेगा. जहां झारखंड के अधिकांश जिलों में गरज के साथ तेज बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग का कहना है कि 25 से 28 जुलाई तक झारखंड में मानसून की रफ्तार तेज रहेगी. हालांकि, 29 जुलाई से एक बार फिर इसमें धीमापन आने की संभावना है. लोहरदगा, रांची, गुमला, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा जिले में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिसे देखते हुए लोगों को अलर्ट किया गया है.
तेज बारिश, वज्रपात का अलर्ट
आज दोपहर के बाद कुछ जिलों में आंधी-तूफान का भी असर देखने को मिलेगा. इनमें रांची, जमशेदपुर, बोकारो, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां के साथ आसपास के जिले शामिल हैं, जहां लोगों को सावधानी बरतने को कहा गया है. आज यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है. इसलिए आंधी-तूफान के समय पेड़ के नीचे भूलकर भी नहीं छुपना है. खासकर वज्रपात के समय लोगों को खुले मैदान और खेतों में जाने से मना किया गया है.
अगले 3 दिनों तक झारखंड में दिखेगा मानसून का व्यापक असर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज से अगले 3 दिनों तक झारखंड में झमाझम बारिश के साथ वज्रपात और आंधी-तूफान का भी असर देखने को मिलेगा. वहीं, 26 जुलाई की बात करें तो कल भी झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जिसमें हजारीबाग, रांची, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, गिरिडीह और कोडरमा में तेज बारिश हो सकती है. 27 जुलाई को चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, रांची और रामगढ़ जिला शामिल हैं, जहां मानसून का व्यापक असर देखने को मिलेगा. ऐसे में लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.

