Weather Alert:झारखंड में आज दिखेगा आंधी-तूफान का व्यापक असर! इन 12 जिलों में गरज के साथ बारिश का अलर्ट 

Weather Alert:झारखंड में आज दिखेगा आंधी-तूफान का व्यापक असर! इन 12 जिलों में गरज के साथ बारिश का अलर्ट

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):झारखंड में आज मानसून की रफ्तार तेज रहने वाली है. आज पूरे राज्य में मौसम पूरी तरह सक्रिय रहेगा.कई जिलों में बादल छाए रहेंगे, वहीं गरज के साथ बारिश की संभावना है.इसके साथ ही कुछ जिलों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे आंधी-तूफान का असर देखने को मिलेगा.ऐसे में लोगों को खास तौर पर सावधान रहने की हिदायत दी गई है. साथ ही पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की सलाह भी दी गई है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों तक झारखंड में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है.वहीं, वज्रपात को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

  इन 12 जिलों में गरज के साथ बारिश का अलर्ट 

आज झारखंड के 12 जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग और लातेहार शामिल है.हालांकि, गढ़वा और पलामू ऐसे जिले हैं, जहां आज भी लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है.यहां तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना

झारखंड के कुछ जिलों में आंधी-तूफान का असर भी देखने को मिलेगा, जहां 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. इन जिलों के लोगों को विशेष रूप से सावधान रहने की हिदायत दी गई है.इनमें रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा और लातेहार सहित दक्षिणी एवं मध्य झारखंड के जिले शामिल हैं, जहां वज्रपात का भी खतरा बना हुआ है. इसलिए लोगों को आंधी-तूफान के दौरान घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है.खासकर खेतों में काम करने वाले किसानों को विशेष सावधानी बरतने की जरुरत है. मौसम विभाग ने इन जिलों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवा का अलर्ट जारी किया है.

पढ़े अपने जिले का तापमान 

रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. धनबाद में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री, जबकि देवघर में अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.