Weather Alert:अगले 5 दिनों तक झारखंड पर दिखेगा निम्न दबाव का व्यापक असर, 12 जिलों में भारी बारिश की संभावना

Weather Alert:अगले 5 दिनों तक झारखंड पर दिखेगा निम्न दबाव का व्यापक असर, 12 जिलों में भारी बारिश की संभावना

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर झारखंड में पूरी तरह से देखने को मिल रहा है, वहीं मौसम विभाग की ओर से एक बड़ा अपडेट सामने आया है. जिसके मुताबिक आने वाले 5 दिनों तक झारखंड के 12 जिलों में गरज के साथ भारी बारिश की संभावना है, साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेगी.हालांकि अन्य जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा, दिनभर बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी.

 12 जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिनों तक जिन जिलों के लोगों को विशेष रूप से सावधान रहने की जरूरत है, उनमें रांची, पलामू, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम शामिल है, हालांकि अन्य कई जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा, जहां कहीं मध्यम तो कहीं हल्की बारिश होती रहेगी, लेकिन इन 12 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, यानी अगले 5 दिनों तक इन जिलों के लोगों को खास तौर पर सतर्क रहने की जरूरत है.

पढ़े शुक्रवार को कहां कितनी हुई बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड में हुई बारिश की बात करें तो लातेहार में सबसे अधिक 100 मिमी बारिश दर्ज की गई, वहीं सिमडेगा में 78.4 मिमी, चंदवा में 64.5 मिमी, विश्रामपुर में 35.9 मिमी, पूर्वी सिंहभूम में 35.8 मिमी, पंचेत में 32.2 मिमी और लोहरदगा में 27.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, इसके अलावा दुमका, गुमला, रामगढ़, लोहरदगा और रांची समेत कई जिलों में 15 से 25 मिमी तक बारिश हुई.शुक्रवार को हुई बारिश से झारखंड के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिन जिलों में लोग उमस भरी गर्मी से परेशान थे, वहां अब राहत मिली है, फिलहाल झारखंड में सामान्य से 40 प्रतिशत कम बारिश हुई है, उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इसमें कुछ बढ़ोतरी होगी.

पढ़े अपने जिले का तापमान 

रांची का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 31डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.