टीएनपी डेस्क(TNP DESK):झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है.जहां सोमवार यानी 10 अगस्त को राज्य के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है. सुबह से ही कई इलाकों में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, रांची समेत 13 जिलों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है. इस दौरान कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है.राजधानी रांची की बात करें तो सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. बारिश और बादलों के कारण तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.
इन 13 जिलों के लोग रहें अलर्ट
वही आज खास तौर पर जिन जिलों में बारिश वज्रपात का असर दिखेगा उन जिलों में रांची के साथ खूंटी, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा शामिल है.जहां हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. हालांकि सभी जिलों में बारिश की स्थिति एक जैसी नहीं रहेगी. कुछ जगहों पर हल्की फुहार पड़ सकती है, जबकि कहीं-कहीं तेज बौछार भी देखने को मिल सकती है.
वज्रपात से रहे सावधान
बारिश और बादलों के चलते रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, हजारीबाग और रामगढ़ में मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है. इन जिलों में तापमान सामान्य से ज्यादा बढ़ने की संभावना कम है. वहीं, बारिश के बाद हवा में नमी बढ़ने से पलामू, गढ़वा और लातेहार जैसे पश्चिमी जिलों में उमस महसूस हो सकती है. मौसम में बदलाव को देखते हुए वज्रपात और तेज हवा वाले इलाकों में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है. खासकर खराब मौसम के दौरान खुले मैदान या पेड़ के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.

