Weather Alert:आज भी झारखंड में दिखेगा साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर, 22 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

Weather Alert:आज भी झारखंड में दिखेगा साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर, 22 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):पिछले 24 घंटे से लगातार झारखंड के अधिकांश जिलों में चक्रवाती परिसंचरण का असर देखने को मिल रहा है. मंगलवार को भी दिनभर रिमझिम बारिश होती रही, तो वहीं कई जिलों में बादल छाए रहे. दिनभर तेज हवा भी चलती रही, जिससे मौसम पूरी तरह से सुहाना बना रहा. एक तरफ जहां गर्मी से लोगों को राहत मिली, वहीं तापमान में भी एक से दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. वहीं आज यानी बुधवार के मौसम की बात करें तो आज भी झारखंड के 22 जिलों में आंधी, तूफान, वज्रपात और भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

 22 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

आज रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, देवघर, दुमका, पलामू, गुमला, लोहरदगा, लातेहार समेत 22 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. वहीं कुछ जिले ऐसे हैं, जहां आंधी, तूफान और वज्रपात का असर देखने को मिल सकता है. इसे देखते हुए लोगों को अलर्ट किया गया है. आने वाले अगले दो दिनों तक झारखंड के मौसम का हाल ऐसा ही देखने को मिलेगा, जहां दिनभर बादल छाए रहेंगे, बारिश होती रहेगी, वहीं तेज हवा भी चलती रहेगी. वहीं 1 जून से 28 जुलाई तक बारिश के आंकड़े बताते हैं कि राज्य में 478.3 मिमी की जगह मात्र 352.4 मिमी वर्षा हुई है. यानी अब भी औसतन 26 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है.

कई जिलों में जलजमाव की स्थिति

पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही तेज बारिश की वजह से राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में लोगों की परेशानी बढ़ गई है. जलजमाव की वजह से लोगों का आना-जाना भी मुश्किल हो गया है. बात राजधानी रांची की करें तो यहां भी कई क्षेत्रों में जलजमाव से लोगों को परेशानी हो रही है. लालपुर, हरमू, किशोरगंज, अशोक नगर, कांटा टोली, पंडरा और डोरंडा समेत कई क्षेत्रों की सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है. वहीं जरूरी काम से घर से निकलने वाले लोग भी सोचने को मजबूर हैं, क्योंकि चाहे पैदल चलें या गाड़ी से जाएं, दोनों ही स्थिति में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

पढ़े अपने जिले का तापमान 

रांची का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.