Weather Alert: झारखंड में दिखेगा साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर,18 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

Weather Alert: झारखंड में दिखेगा साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर,18 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात  का अलर्ट

टीएनपी डेस्क (TNP DESK):झारखंड में पिछले 5-6 दिनों से मानसून पूरी तरह सक्रिय है. बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से इसका असर पूरे राज्य में देखने को मिल रहा है. वहीं अगर शुक्रवार के मौसम की बात की जाए, तो आज भी झारखंड के 18 जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. अन्य जिलों में भी दिन भर बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी. इस दौरान आंधी-तूफान भी देखने को मिल सकता है.

18 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

जिन जिलों में आज भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. उन जिलों में रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं. इन जिलों में आज कहीं हल्की, कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश देखने को मिल सकती है. ऐसे में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है.

वज्रपात से रहें सावधान

इसके साथ ही कुछ जिले ऐसे हैं, जहां आज आंधी-तूफान और वज्रपात भी देखने को मिल सकता है. इन जिलों के लिए आज अलर्ट जारी किया गया है. इनमें रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग और गिरिडीह शामिल हैं. इन जिलों के लोगों को खासतौर पर सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है. इस दौरान खुले स्थान, जैसे मैदान, खेत और पेड़ के नीचे न जाने और न ही वहां शरण लेने की सलाह दी गई है. वहीं रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है.

पढ़े अपने जिले का तापमान 

रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.