टीएनपी डेस्क (TNP DESK):झारखंड में पिछले 3-4 दिनों से मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है, जिसकी वजह से राज्य के अधिकांश जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना देखने को मिल रही है. वहीं, आज यानी गुरुवार के मौसम की बात करें तो आज भी पूरे झारखंड में बारिश का असर देखने को मिलेगा.राजधानी रांची समेत राज्य के 18 जिलों में वज्रपात और तेज हवा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.मौसम विभाग के मुताबिक, आज पूरे झारखंड में दिनभर बादल छाए रहेंगे और हवा भी चलती रहेगी. कुछ जिलों में हल्की से मध्यम, तो कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना है.
इन जिलों में आज दिन भर होती रहेगी बारिश
झारखंड के जिन 18 जिलों में बारिश, वज्रपात और तेज हवा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, उनमें रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, गोड्डा और लोहरदगा जिले शामिल है. इसके अलावा अन्य जिलों में भी दिनभर छिटपुट बारिश और हवा का असर देखने को मिलेगा. आज पूरे झारखंड के लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है, ताकि वज्रपात और आंधी-तूफान से किसी भी तरह की जनहानि या पशुहानि न हो.
इन जिलों के लोग आंधी तूफ़ान वज्रपात से रहे सावधान
आज झारखंड के कुछ जिले ऐसे हैं, जहां आकाशीय बिजली और आंधी-तूफान का व्यापक असर देखने को मिल सकता है.इनमें पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, देवघर, दुमका और आसपास के इलाकों के लोगों को विशेष रूप से सावधान रहने की हिदायत दी गई है. वहीं, आंधी-तूफान और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, खेत या फिर पेड़ के नीचे शरण नहीं लेने की सलाह दी गई है. अगर मौसम खराब हो तो भूलकर भी खेत, खुले मैदान या पेड़ के नीचे नहीं जाएं.
राजधानी रांची समेत इन जिलों का मौसम रहेगा सुहाना
आज बारिश और हवा की वजह से पूरे झारखंड का मौसम सुहाना रहेगा. हालांकि राजधानी रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा और पश्चिमी सिंहभूम में मौसम का कुछ ज्यादा असर देखने को मिलेगा, जहां दिनभर चलने वाली मध्यम हवा और हल्की बारिश से तापमान अपेक्षाकृत कम रहेगा. ऐसे में आप चाहें तो कहीं घूमने भी जा सकते है.मौसम काफी सुहावना रहने वाला है.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.

