टीएनपी डेस्क (TNP DESK):पिछले 3-4 दिनों से झारखंड पर चक्रवाती तूफान का असर देखने को मिल रहा है. राज्य के अधिकांश जिलों में दिन-रात बारिश हो रही है, वहीं कुछ जिलों में बादल छाए रहने और तेज हवा चलने की वजह से मौसम सुहावना हो गया है. वहीं आज यानी बृहस्पतिवार के मौसम की बात करें तो आज से पवित्र सावन माह की शुरुआत हो रही है. ऐसे में आज भी झारखंड की राजधानी रांची समेत 19 जिलों में झमाझम बारिश की संभावना है. वहीं अन्य जिलों में भी बादल छाए रहेंगे और दिनभर हवा चलती रहेगी. इसके अलावा कुछ जिलों में वज्रपात की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है.
सावन के पहले दिन झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट
आज झारखंड के जिन जिलों में मौसम का व्यापक असर देखने को मिलेगा, उनमें रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं. इन जिलों में आज भारी बारिश की संभावना है. हालांकि, अन्य जिलों में भी दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी, वहीं हवा चलने से मौसम सुहावना बना रहेगा. हालांकि, वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों को खास तौर पर खुले स्थानों, जैसे मैदान, खेत और पेड़ के नीचे रुकने से मना किया गया है.
आज आंधी तूफान से रहें सावधान
वहीं कुछ जिलों में खास तौर पर आंधी-तूफान को लेकर लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है. इन जिलों में बोकारो, धनबाद, रामगढ़, गिरिडीह, रांची और पूर्वी सिंहभूम शामिल हैं. आज यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. दिनभर तेज हवा चल सकती है, इसलिए लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है. पेड़-पौधों के नीचे बिल्कुल भी नहीं जाना चाहिए, क्योंकि तेज हवा चलने से पेड़ों की टहनियां टूट सकती हैं या पेड़ गिर सकते हैं, जिससे हादसा हो सकता है.
खुले मैदान, खेत और पेड़ के नीचे ना छिपे
कुछ जिले ऐसे हैं, जहां आज वज्रपात का खतरा अधिक है. इनमें रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, साहिबगंज और पाकुड़ सहित कई जिलों में गरज के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. इसलिए खास तौर पर किसानों को अलर्ट किया गया है कि वे खराब मौसम को देखते हुए खेतों में न जाएं. वहीं पेड़ के नीचे न रुकें और खुले मैदान में शरण लेने से भी बचें.
पढ़े अपने जिले का तापमान
रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस, जबकि देवघर में अधिकतम 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.वहीं, मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.

