Weather Alert: भीषण गर्मी के बाद झारखंड में राहत भरी बारिश,पढ़िये मौसम विभाग का बड़ा अपडेट

झारखंड में प्रचंड गर्मी से लोगों को पिछले 24 घंटे में राहत मिली है, जहां अधिकांश जिलों में बादल छाए रहे तो कई जिलों में हल्की बारिश भी देखने को मिली. वहीं तेज हवाओं की वजह से लोगों ने राहत की सांस ली. मौसम विभाग ने जो पूर्वानुमान जारी किया है, वह झारखंड वासियों के लिए राहत भरी खबर है.

Weather Alert: भीषण गर्मी के बाद झारखंड में राहत भरी बारिश,पढ़िये मौसम विभाग का बड़ा अपडेट

टीएनपी डेस्क(TNP DESK):झारखंड में प्रचंड गर्मी से लोगों को पिछले 24 घंटे में राहत मिली है, जहां अधिकांश जिलों में बादल छाए रहे तो कई जिलों में हल्की बारिश भी देखने को मिली. वहीं तेज हवाओं की वजह से लोगों ने राहत की सांस ली. मौसम विभाग ने जो पूर्वानुमान जारी किया है, वह झारखंड वासियों के लिए राहत भरी खबर है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले अगले 5 दिनों तक झारखंड के लोगों को लू से राहत मिलने की उम्मीद है. इस दौरान अधिकांश जिलों में गरज के साथ बारिश, आंधी-तूफान का असर देखने को मिलेगा. गर्मी से भी राहत मिलेगी.

20 जिलों में गरज के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग की ओर से आज और कल यानी 29 और 30 मई के लिए 20 जिलों में गरज के साथ बारिश की आशंका को लेकर 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है. आईएमडी का कहना है कि उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिम से लेकर ओडिशा के दक्षिणी तटीय क्षेत्र तक और दक्षिण बिहार से लेकर आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय क्षेत्र तक फैली दो निम्न दबाव प्रणालियों के कारण लू की स्थिति में राहत मिलने की उम्मीद है.

आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होगी

अब तक जहां रोजाना कड़क धूप और भीषण गर्मी की वजह से तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया था, वहीं मौसम में बदलाव की वजह से इसमे भारी गिरावट भी देखने को मिली है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होगी. अभी आने वाले अगले पांच दिनों में झारखंड में कहीं भी हीट वेव चलने की संभावना नहीं है. जबकि अगले चार-पांच दिनों तक गर्जन, वज्रपात और तेज हवा-आंधी का दौर देखने को मिलेगा.

पढ़े अपने जिले का तापमान 

रांची का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. धनबाद में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री, जबकि देवघर में अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.