झारखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी भरा SIR फॉर्म
झारखंड में 30 जून से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान चल रहा है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वयं एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर लोगों से समय पर सत्यापन कराने और मतदाता सूची में अपनी जानकारी अपडेट करने की अपील की है.
रांची (RANCHI):झारखंड में 30 जून 2026 से मतदाता सूची को सही और अपडेट करने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान चलाया जा रहा है.इस अभियान के तहत झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी गुरुवार को रांची स्थित अपने आवासीय कार्यालय में स्वयं अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा किया. उनके साथ उनकी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन ने भी अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा किया.हेमंत सोरेन ने 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बीएलओ की मौजूदगी में निर्वाचन अधिकारियों के सामने यह फॉर्म भरा.इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के हर पात्र नागरिक को इस अभियान में हिस्सा लेना चाहिए, ताकि उनका वोट देने का अधिकार सुरक्षित रह सके.उन्होंने कहा कि हर नागरिक को अपने मताधिकार को सुरक्षित रखने का अधिकार है.मौके पर रांची के डीसी मंजूनाथ भंजंत्री भी मौजुद रहे.
पढ़ें सीएम ने लोगों से क्या अपील की है
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोगों को समय पर अपना नाम और जानकारी एन्यूमरेशन फॉर्म में भरकर उसका सत्यापन कराना चाहिए. सही और अपडेट मतदाता सूची ही निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की मजबूत नींव रख सकती है.मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के सभी लोगों से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने आस-पड़ोस, परिवार और रिश्तेदारों को भी फॉर्म भरकर जमा करने के लिए प्रेरित करें, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया में किसी भी पात्र मतदाता का नाम न छूटे.
30 जून 2026 से शुरू किया गया है अभियान
आपको बता दें कि झारखंड में 30 जून 2026 से इस अभियान की शुरुआत की गई है.इसके तहत घर-घर जाकर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) लोगों को एन्यूमरेशन फॉर्म दे रहे है और उनकी जानकारी का सत्यापन कर रहे है.यह अभियान झारखंड में 29 जुलाई तक चलेगा.वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी गुरुवार को इस अभियान में हिस्सा लिया और लोगों को भी इसके लिए प्रेरित किया मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर नागरिक की भागीदारी बहुत जरूरी है. इसलिए सभी पात्र मतदाता समय पर एसआईआर फॉर्म भरकर अपनी जानकारी का सत्यापन कराएं.