सेंट्रल यूनिवर्सिटी झारखंड में मेस शुल्क बढ़ोतरी पर बवाल! छात्रों ने मुख्य गेट पर दिया धरना
सेंट्रल यूनिवर्सिटी झारखंड में मेस शुल्क बढ़ोतरी के विरोध में छात्रों ने मुख्य गेट पर धरना दिया. विश्वविद्यालय प्रशासन से बातचीत और आश्वासन के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया.
रांची(RANCHI): सेंट्रल यूनिवर्सिटी झारखंड में मेस शुल्क बढ़ाए जाने को लेकर रविवार को छात्रों और यूनिवर्सिटी प्रबंधन के बीच विवाद की स्थिति बन गई. शुल्क में बढ़ोतरी से नाराज बड़ी संख्या में छात्र विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के बाहर धरने पर बैठ गए. छात्रों का कहना था कि मेस के लिए पहले जो शुल्क निर्धारित किया गया था, उसी राशि के तहत उन्हें भोजन उपलब्ध कराया जाए. छात्रों ने अतिरिक्त शुल्क देने से साफ इनकार कर दिया. उनका कहना था कि बिना पर्याप्त जानकारी और सहमति के मेस शुल्क बढ़ाना उचित नहीं है. मामले की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्थिति को संभालने और छात्रों से बातचीत करने की पहल शुरू की. इससे कुछ समय के लिए विश्वविद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बना रहा.
इधर, मामले को लेकर डॉ. अनुराग लिंडा ने बताया कि पहले मेस संचालन की जिम्मेदारी जिस एजेंसी को दी गई थी, उसके स्तर से शुल्क कम निर्धारित किया गया था. अब नई एजेंसी के आने के बाद मेस शुल्क में बढ़ोतरी को लेकर छात्रों की आपत्ति सामने आई. छात्रों की मांग थी कि पहले से तय शुल्क के आधार पर ही उन्हें भोजन उपलब्ध कराया जाए और अतिरिक्त राशि का बोझ उन पर न डाला जाए. शुल्क बढ़ोतरी को लेकर नाराज छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया. छात्रों के प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद डीएसडब्ल्यू ने उनसे बातचीत की और उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया. विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को उनकी मांग और मेस शुल्क से जुड़े मुद्दे पर उचित समाधान का आश्वासन दिया. हालांकि डॉ. अनुराग लिंडा ने बताया कि छात्रों को उनकी मांगों को लेकर आश्वासन दिया गया है और बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है.