स्कूल के सामने मिला अज्ञात युवक का शव, हत्या की आशंका
धुर्वा थाना क्षेत्र के सिटियो गांव से एक मामला सामने आया है जहां शुक्रवार को संत जेवियर स्कूल के ठीक सामने एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची.
रांची (RANCHI): रांची से खबर सामने आ रही है जहां धुर्वा थाना क्षेत्र के सिटियो गांव से एक मामला सामने आया है जहां शुक्रवार को संत जेवियर स्कूल के ठीक सामने एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. सड़क किनारे शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
हत्या के बाद शव फेंके जाने की आशंका
शुरुआती जांच में घटनास्थल के हालात को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं दूसरी जगह की गई होगी और पहचान छिपाने के साथ साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर फेंक दिया गया. हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. युवक के शरीर पर चोट के निशान और अन्य संदिग्ध परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे किसी आपराधिक साजिश की भूमिका तो नहीं है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना की पुलिस टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों को खंगाल रही है. इसके अलावा स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि युवक की पहचान और उसके परिजनों तक पहुंचा जा सके. पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.