विधायक जनार्दन पासवान के बेटे की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, सौरभ कुमार समेत पांच नामजद, दूसरे पक्ष ने दर्ज कराई FIR
एमिटी यूनिवर्सिटी विवाद में नया मोड़, चतरा विधायक के बेटे सौरभ कुमार समेत पांच लोगों पर मारपीट, धमकी और लूट के आरोप में FIR दर्ज.
एमिटी यूनिवर्सिटी विवाद में नया मोड़, चतरा विधायक के बेटे सौरभ कुमार समेत पांच लोगों पर मारपीट, धमकी और लूट के आरोप में FIR दर्ज.
रांची (RANCHI): राजधानी रांची की एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के बाहर मारपीट और कथित अपहरण के विवाद ने नया मोड़ ले लिया है. चतरा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ कुमार की ओर से पहले दर्ज कराई गई प्राथमिकी के बाद अब दूसरे पक्ष ने भी विधानसभा थाने में FIR दर्ज कराई है. नई प्राथमिकी में सौरभ कुमार समेत पांच नामजद युवकों और तीन-चार अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है. शिकायत में मारपीट, गाली-गलौज, गला दबाने, पैसे और सोने का लॉकेट छीनने तथा जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
कॉलेज गेट के बाहर रोकने का आरोप
FIR के मुताबिक, शिकायतकर्ता प्रियंका सिंह का बेटा लकी राज एमिटी यूनिवर्सिटी में बीबीए सेकंड ईयर का छात्र है. शिकायत में बताया गया है कि 7 सितंबर को वह सुबह करीब 9.30 बजे कॉलेज गया था. दोपहर लगभग 2 बजे क्लास खत्म होने के बाद जब वह मुख्य गेट से बाहर निकल रहा था, तभी सौरभ कुमार, वासु दुबे, हर्षवर्धन तिवारी, प्रतीक सिंह और कुछ अन्य युवक वहां मौजूद थे. शिकायतकर्ता का आरोप है कि लकी राज को रास्ते में रोककर उसके साथ गाली-गलौज की गई. विरोध करने पर कथित तौर पर सौरभ कुमार ने उसका कॉलर पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी. FIR में अन्य युवकों पर भी छात्र के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है.
शिकायत के अनुसार, मारपीट के दौरान लकी राज के गले से सोने का लॉकेट और 4,500 रुपये कथित तौर पर छीन लिए गए. FIR में यह भी आरोप लगाया गया है कि सौरभ कुमार ने अपने पिता के विधायक होने का हवाला देते हुए छात्र को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. शिकायतकर्ता ने एससी/एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है. हालांकि, ये सभी आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं, जिनकी जांच पुलिस द्वारा की जानी है.
FIR में लकी राज का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है. वहीं, वासु दुबे, हर्षवर्धन तिवारी, प्रतीक सिंह और अन्य युवकों पर लात-घूंसों और बेल्ट से हमला करने का आरोप है. शिकायत के अनुसार, शोर सुनकर यूनिवर्सिटी के कई छात्र मौके पर पहुंचे, जिसके बाद भीड़ बढ़ने लगी. आरोप है कि इसी दौरान सौरभ ने कथित तौर पर अपने साथियों को बुलाने और पिस्टल लाकर गोली मारने की बात कही. इसके बाद वहां मौजूद छात्रों ने लकी राज को बचाया.
शिकायत में कहा गया है कि मौके पर मौजूद छात्रों ने पुलिस सहायता के लिए 112 पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल नहीं लग सकी. इसके बाद सौरभ को छोड़कर बाकी युवक वहां से चले गए. FIR के अनुसार, सौरभ के कथित तौर पर नशे में होने और लगातार विवाद करने के कारण लकी राज और कुछ छात्रों ने उसे गाड़ी से विधानसभा थाना ले जाने का फैसला किया. शिकायतकर्ता का दावा है कि रास्ते में सौरभ ने फोन कर अपने अपहरण की सूचना देने की कोशिश की और मोबाइल को फ्लाइट मोड पर डाल दिया. बाद में उसे वाहन से उतार दिया गया और लकी राज पैदल उसे लेकर थाने पहुंचा.
लकी राज की मां ने यह भी आरोप लगाया है कि एमिटी यूनिवर्सिटी में दाखिला लेने के बाद से सौरभ और उसके साथी उनके बेटे को कथित तौर पर परेशान करते रहे हैं. शिकायत के मुताबिक, लकी राज इन घटनाओं की जानकारी घर पर देता था और इसी वजह से उसने कॉलेज नहीं जाने की बात भी कही थी. विधानसभा थाने में दर्ज FIR में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 304(2), 351(2), 351(3), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किए जाने की बात कही गई है. फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद मामला पुलिस जांच के दायरे में है.