अब बस से सफर करना होगा महंगा, रांची-हजारीबाग समेत कई रूटों पर बढ़ा किराया, देखें नया रेट

अब बस से सफर करना होगा महंगा, रांची-हजारीबाग समेत कई रूटों पर बढ़ा किराया, देखें नया रेट

कोडरमा (KODARMA):  कोडरमा और आसपास के यात्रियों को जेब पर असर डालने वाली खबर सामने आई है. 1 जून से जिले में बस यात्रा करना पहले की तुलना में महंगा हो गया है. कोडरमा जिला बस ऑनर्स एसोसिएशन ने विभिन्न रूटों पर चलने वाली एसी और नॉन-एसी बसों के किराए में 15 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का फैसला लिया है, जिसे रविवार से लागू कर दिया गया है.

यह निर्णय झुमरीतिलैया बस स्टैंड के पास आयोजित बस संचालकों की एक बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया. बैठक में बताया गया कि लगातार बढ़ते डीजल के दाम, वाहन मेंटेनेंस खर्च, स्पेयर पार्ट्स की कीमतों और अन्य परिचालन लागतों में वृद्धि के कारण किराया संशोधित करना अब जरूरी हो गया था. बस संचालकों का यह भी कहना है कि पिछले लगभग पांच वर्षों से किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया था, जबकि इस दौरान खर्च कई गुना बढ़ चुके हैं.

नई दरों के लागू होने के बाद अलग-अलग रूटों पर यात्रियों को अब अधिक किराया चुकाना होगा. झुमरीतिलैया से रांची तक एसी बस का किराया 350 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये कर दिया गया है, जबकि नॉन-एसी बस का किराया 300 रुपये से बढ़कर 350 रुपये हो गया है.

इसी तरह झुमरीतिलैया से हजारीबाग रूट पर एसी बस का किराया 120 रुपये से बढ़कर 150 रुपये और नॉन-एसी का 120 रुपये से बढ़कर 140 रुपये कर दिया गया है. झुमरीतिलैया से रामगढ़ जाने वाली बसों का किराया भी बढ़ा है, जहां एसी बस 200 रुपये से बढ़कर 250 रुपये और नॉन-एसी 200 रुपये से 220 रुपये तक पहुंच गया है.

झुमरीतिलैया से गिरिडीह रूट पर नॉन-एसी किराया 200 रुपये से बढ़कर 250 रुपये कर दिया गया है. वहीं झुमरीतिलैया से नवादा रूट पर एसी बस 170 रुपये से बढ़कर 200 रुपये और नॉन-एसी 150 रुपये से बढ़कर 180 रुपये हो गया है. इसके अलावा झुमरीतिलैया से चतरा रूट पर नॉन-एसी बस का किराया 200 रुपये से बढ़ाकर 220 रुपये कर दिया गया है. बढ़ी हुई दरों ने आम यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है, जिससे दैनिक यात्रा करने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे.