रामगढ़: चुट्टूपालू घाटी में 20 फीट गड्ढे में गिरा ट्रेलर, सरिया के नीचे दबने से 2 की मौत
रामगढ़ की चुट्टूपालू घाटी में सरिया लदा ट्रेलर 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा. हादसे में सरिया के नीचे दबने से दो लोगों की मौत हो गई.
रामगढ़ की चुट्टूपालू घाटी में सरिया लदा ट्रेलर 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा. हादसे में सरिया के नीचे दबने से दो लोगों की मौत हो गई.
रामगढ़ (RAMGARH): जिले की चुट्टूपालू घाटी में एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. रांची की ओर से सरिया लेकर हजारीबाग की तरफ जा रहा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा. हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर पर लदा सरिया पलटकर दोनों लोगों के ऊपर जा गिरा और वे उसके नीचे बुरी तरह दब गए. दुर्घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को सरिया के नीचे से बाहर निकाला गया. इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया.
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर रांची की तरफ से सरिया लेकर हजारीबाग की ओर जा रहा था. इसी दौरान चुट्टूपालू घाटी में वन विभाग के रेस्ट हाउस के सामने अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया. बताया जा रहा है कि चालक ने ट्रेलर को सड़क किनारे रोकने की कोशिश की, लेकिन वाहन सड़क से नीचे उतरते ही बेकाबू हो गया. इसके बाद ट्रेलर सीधे करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा. हादसे के दौरान ट्रेलर पर लदा भारी सरिया भी इधर-उधर बिखर गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला.
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को दुर्घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. सरिया के नीचे शवों के दबे होने के कारण उन्हें बाहर निकालना पुलिस और बचाव दल के लिए बड़ी चुनौती बन गया. घंटों की मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है. घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट- अनुज ठाकुर