15 अगस्त को रांची में बदलेगा ट्रैफिक प्लान, भारी वाहनों की एंट्री बंद! निकलने से पहले चेक कर लें रूट
15 अगस्त को रांची में स्वतंत्रता दिवस समारोह के चलते सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी. जानें डायवर्जन, ड्रॉप गेट और पार्किंग की पूरी जानकारी.
RANCHI: रांची में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को लेकर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए 15 अगस्त को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक रांची शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी. यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर के अलग-अलग हिस्सों में ड्रॉप गेट भी बनाए गए हैं. ड्रॉप गेट संख्या 1, 3, 7, 9, 18, 20 और 23 से केवल मुख्यमंत्री, वीवीआईपी, मीडियाकर्मी और अधिकृत पासधारियों के वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी.
कांके से रांची आने वाले भारी वाहन बोड़ेया तक ही पहुंच सकेंगे. चाईबासा-खूंटी की ओर से आने वाले बड़े वाहनों के लिए बिरसा चौक तक सीमा तय की गई है. गुमला-सिमडेगा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को अरगोड़ा और आईटीआई पड़ाव तक ही आने की अनुमति होगी. जमशेदपुर से रांची आने वाले बड़े वाहन दुर्गा सोरेन चौक और सदाबहार चौक तक ही पहुंच सकेंगे. कांके-पतरातू मार्ग से आने वाले भारी वाहनों को लॉ यूनिवर्सिटी के पास रोका जाएगा. वहीं, बूटी मोड़ से कोकर जाने वाले वाहनों के लिए बरियातू मार्ग पर बूटी मोड़ और खेलगांव मार्ग पर खेलगांव चौक तक ही आवाजाही की अनुमति होगी.
स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले मुख्यमंत्री, हाईकोर्ट के न्यायाधीश, सांसद और विधायक एटीआई मोड़, सिदो-कान्हू पार्क मोड़, डीएसपीएमयू मोड़ और राजकीय गेस्ट हाउस होते हुए वीवीआईपी प्रवेश द्वार से समारोह स्थल तक पहुंचेंगे. केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारी हॉटलिप्स चौक, एटीआई मोड़, रणधीर वर्मा चौक और उपायुक्त आवास चौक के रास्ते कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे.
समारोह में आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं. सीएम का कारकेड और वीवीआईपी वाहनों की पार्किंग मुख्य मंच के पीछे होगी. अन्य वाहनों के लिए मुख्य मंच के पश्चिमी हिस्से और बापू वाटिका के सामने जगह तय की गई है. अधिकारियों के वाहन ऑक्सीजन पार्क के समीप पार्क किए जाएंगे. मीडियाकर्मियों के लिए बापू वाटिका के सामने पार्किंग की व्यवस्था रहेगी. वहीं, नारंगी और हरे पास वाले सामान्य वाहनों की पार्किंग टीआरआई के सामने मैदान में होगी.
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उपायुक्त आवास मोड़ से हॉकी स्टेडियम तक और रांची कॉलेज मोड़ से वीवीआईपी एंट्री गेट तक किसी भी वाहन की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि 15 अगस्त को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था का ध्यान रखें और निर्धारित रूट व पार्किंग स्थल का ही इस्तेमाल करें.