रांची में जन्माष्टमी पर बदला ट्रैफिक प्लान, 4-5 सितंबर को इन रास्तों पर रहेगी नो-एंट्री
रांची में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर 4 और 5 सितंबर को ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी. कई प्रमुख मार्गों पर नो-एंट्री और रूट डायवर्जन लागू होगा.
रांची में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर 4 और 5 सितंबर को ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी. कई प्रमुख मार्गों पर नो-एंट्री और रूट डायवर्जन लागू होगा.
रांची (RANCHI): श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर राजधानी रांची में दो दिनों तक ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी. शहर में आयोजित होने वाले झांकी, भजन संध्या और दही-हांडी कार्यक्रम को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने 4 और 5 सितंबर के लिए विशेष रूट प्लान जारी किया है. अलबर्ट एक्का चौक, मेन रोड और आसपास के इलाकों में कार्यक्रम के दौरान वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी.
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर को श्रीकृष्ण झांकी निकाली जाएगी, जबकि 5 सितंबर को भजन संध्या के साथ दही-हांडी प्रतियोगिता आयोजित होगी. झांकी रतन पीपीओ से शुरू होकर वूल हाउस, उर्दू लाइब्रेरी क्रॉसिंग, काली मंदिर चौक, सर्जना चौक, सदर अस्पताल गेट, मिशन चौक, प्लाजा चौक, सेंटेविटा अस्पताल कटिंग होते हुए अलबर्ट एक्का चौक पहुंचेगी.
4 और 5 सितंबर को सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक शहर के भीतर भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. भारी वाहनों को रिंग रोड के रास्ते से आवाजाही करनी होगी. इस दौरान पहले से लागू नो-एंट्री व्यवस्था भी प्रभावी रहेगी. कार्यक्रम के दौरान दोपहर 3 बजे से आयोजन समाप्त होने तक चिन्हित मार्गों पर छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों के साथ ऑटो, टोटो और अन्य सवारी वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी.
जिन प्रमुख मार्गों पर रोक रहेगी, उनमें शामिल हैं:
• अलबर्ट एक्का चौक से सुजाता चौक
• अलबर्ट एक्का चौक से प्लाजा चौक
• अलबर्ट एक्का चौक से जेल चौक
• मिशन चौक से सर्जना चौक
• रतन पीपीओ से अलबर्ट एक्का चौक
• कर्बला चौक से काली मंदिर और वूल हाउस की ओर जाने वाला मार्ग
जरूरत के हिसाब से बदले जा सकते हैं दूसरे रूट
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, भीड़ और कार्यक्रम की स्थिति को देखते हुए कुछ अन्य सड़कों पर भी अस्थायी रूप से ट्रैफिक रोका या डायवर्ट किया जा सकता है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान जरूरी होने पर ही चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल करें. इससे भीड़ वाले इलाकों में यातायात को नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी.