रांची(RANCHI): रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र से एक बेहद ही शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां एक तीन साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया है. घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के परिजनों ने तुरंत स्थानीय थाने में मामला दर्ज कराया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन फौरन रेस हुआ और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर-दबोचा. पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि घिनौनी हरकत को अंजाम देने वाला आरोपी खुद भी एक नाबालिग है.
आपको बता दें, तुपुदाना ओपी प्रभारी सिद्धांत कुमार ने इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के महज 24 घंटे के भीतर पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस फिलहाल कानून के दायरे में रहकर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है. इस घटना ने एक बार फिर समाज में बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, और स्थानीय लोगों में इस अमानवीय कृत्य को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
गौरतलब है कि रांची में मासूम बच्चियों के साथ दरिंदगी का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे ठीक दो महीने पहले भी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक वैन ड्राइवर ने ऐसी ही एक अन्य तीन साल की बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया था. उस मामले में हिंदपीढ़ी निवासी आरोपी ने बच्ची को अकेला पाकर बहलाया-फुसलाया था और वारदात को अंजाम दिया था, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था. महज दो महीने के भीतर एक ही उम्र की मासूम बच्चियों के साथ हुई इन लगातार वारदातों ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है.

